Parliament Monsoon Session : मानसून सत्र के दूसरे दिन भी हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित
नीट पेपर लीक, छात्रों के प्रदर्शन और अन्य मुद्दों पर विपक्ष का विरोध; दोनों सदनों में प्रश्नकाल बाधित
Parliament Monsoon Session : संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को भी विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बार-बार बाधित रही। नीट पेपर लीक, छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष के विरोध के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
पहली बार स्थगित होने के बाद दोपहर 12 बजे जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, विपक्षी सदस्य नारेबाजी करने लगे। शोर-शराबे के बीच मंत्रियों ने सदन के पटल पर आवश्यक दस्तावेज रखे। अध्यक्षीय पीठ ने विपक्षी सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने और सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन हंगामा नहीं थमा। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
इससे पहले प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने नीट पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और सीजेपी के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन का मुद्दा उठाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से नियमों के तहत अपनी बात रखने का आग्रह करते हुए आश्वस्त किया कि उन्हें अपने मुद्दे उठाने का पूरा अवसर मिलेगा, लेकिन विपक्ष के शांत नहीं होने पर सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
दूसरे दिन भी प्रश्नकाल नहीं चल सका
मानसून सत्र के लगातार दूसरे दिन प्रश्नकाल सुचारु रूप से नहीं चल सका। सोमवार को भी विपक्ष के विरोध के कारण प्रश्नकाल पूरा नहीं हो पाया था। मंगलवार को पहले ही प्रश्न के दौरान हंगामा शुरू होने से सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
उधर, राज्यसभा में भी विपक्ष ने नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पहली बार स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो भी हंगामा जारी रहा।
राज्यसभा में भी जारी रहा गतिरोध
राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी ने लोकसभा से प्राप्त संदेश पढ़कर सुनाया। इसमें संयुक्त समिति (ऑफिस ऑफ प्रॉफिट) में एन.आर. एलांगो और दीपक प्रकाश के सेवानिवृत्त होने से रिक्त हुए दो पदों को भरने के लिए राज्यसभा से दो सदस्यों के निर्वाचन की सिफारिश संबंधी प्रस्ताव की जानकारी दी गई। हालांकि हंगामा थमता नहीं देख सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।

