Paonta Sahib : पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे-707 पर पलटा तेल टैंकर, आठ घंटे जाम में फंसे रहे यात्री
बड़वास में तड़के 3:30 बजे हुआ हादसा, हाइड्रा क्रेन से टैंकर हटाने के बाद बहाल हुआ यातायात
Paonta Sahib : हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे-707 पर मंगलवार तड़के बड़वास में पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर सड़क के बीच पलट गया। इससे हाईवे करीब आठ घंटे तक पूरी तरह बंद रहा। दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। सैकड़ों यात्री और वाहन चालक जाम में फंसे रहे। मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस भी जाम की चपेट में आ गईं।
हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। टैंकर के सड़क पर पलटने से निजी बसों, ट्रकों और अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। हालांकि, थोड़ी जगह मिलने के कारण छोटे वाहन किसी तरह निकल पा रहे थे।
जाम के कारण शिलाई से सोलन, शिमला, पांवटा साहिब और नाहन जाने वाले वाहनों के अलावा पांवटा साहिब से शिलाई, कफोटा, उत्तराखंड और शिमला की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
प्रदर्शन के बाद हटाया टैंकर
करीब आठ घंटे तक सड़क बहाल नहीं होने से परेशान निजी बसों और ट्रकों के चालक-परिचालकों तथा स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इसके बाद टैंकर चालक पांवटा साहिब से हाइड्रा क्रेन लेकर मौके पर पहुंचा। क्रेन की मदद से टैंकर को हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
खड़ी चढ़ाई को लेकर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाईवे निर्माण के दौरान बड़वास में काफी खड़ी चढ़ाई बना दी गई है। उनका आरोप है कि भारी वाहन पहले गियर में भी इस चढ़ाई को आसानी से पार नहीं कर पाते। इससे यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है। एसडीएम शिलाई जसपाल ने बताया कि सड़क बहाल करने के लिए ऑयल टैंकर चालक की ओर से हाइड्रा क्रेन मंगवाई गई थी। टैंकर हटाने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया।

