हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी बोले- विपक्ष मुद्दाविहीन, लोगों को कर रहा भ्रमित
Nayab Singh Saini: सीएम का दावा- पंजाब में बनेगी भाजपा सरकार
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है, वह केवल अफवाह फैलाकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से सभी खुश हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रणनीति से केवल कांग्रेस के चेहरे मुरझाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को यहां हरियाणा निवास में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे। अपने जापान दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि करीब 5000 करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। सीएम ने आरोप लगाया कि पंजाब में पहले कांग्रेस और अब आम आदमी पार्टी की सरकार के कारण आर्थिक प्रबंधन गड़बड़ा गया है। हरियाणा को आर्थिक प्रबंधन के मामले में नंबर वन बताते हुए उन्होंने दावा कि आगामी चुनाव में पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
सीएम ने आगे कहा कि पंजाब के किसान जानते हैं कि हरियाणा सरकार 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है और आपदा के समय उचित मुआवजा देती है। हरियाणा में एचपीएससी के तहत बाहरी युवाओं को नौकरी देने के विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवा भी पड़ोसी राज्य पंजाब, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश आदि में नौकरी के लिए चयनित होते हैंै। पलवल में अज्ञात बीमारी के कारण हुई मौतों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों का गठन करके जांच शुरू कर दी गई है।

