Operation Searchlight : 1971 के जख्म फिर याद.... भारत ने बांग्लादेश को दिया पूरा समर्थन, न्याय की आवाज बुलंद
साल 1971 में हुए अत्याचार के मामले में बांग्लादेश की न्याय की गुहार का भारत ने किया समर्थन
Operation Searchlight : भारत ने 1971 में पाकिस्तान की ओर से किए गए बर्बर सैन्य दमन और लाखों निर्दोष बांग्लादेशी नागरिकों की हत्या के खिलाफ बांग्लादेश की न्याय की गुहार के प्रति शुक्रवार को अटूट समर्थन जताया। इससे तीन दिन पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने उस साल के पाकिस्तान के "ऑपरेशन सर्चलाइट" को "इतिहास के सबसे क्रूर नरसंहारों में से एक" बताया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हम सभी 1971 में 'ऑपरेशन सर्चलाइट' के दौरान पाकिस्तान की ओर से किए गए भयावह अत्याचारों से वाकिफ हैं। इस नरसंहार में लाखों निर्दोष बांग्लादेशी लोगों की योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाकर हत्या की गई और महिलाओं के खिलाफ सामूहिक यौन अपराध किए गए।"
उन्होंने कहा, "इसके कारण लाखों लोग देश छोड़कर भारत में शरणार्थी बन गए। इन अत्याचारों ने दुनिया की अंतरात्मा को झकझोर दिया। पाकिस्तान आज तक अपने अपराधों को मानने से इनकार कर रहा है।" जायसवाल ने कहा कि भारत बांग्लादेश के "न्याय की मांग" का समर्थन करता है।

