Nuh Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दो भीषण हादसे, 3 की मौत, 2 गंभीर
Nuh Accident: 10 दिन में सात लोगों की गई जान
Nuh Accident: नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बीती रात दो अलग-अलग सड़क हादसों ने एक बार फिर रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया। इन हादसों में कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाएं फिरोजपुर झिरका सदर थाना और नगीना थाना क्षेत्र में हुई हैं, जहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की अभी पहचान उजागर नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक पहला हादसा फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में चैनल नंबर 68 के पास हुआ, जहां एक कार का टायर पंचर हो जाने के कारण उसमें सवार लोग सड़क किनारे रुककर पंचर ठीक करवा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक दूसरी कार ने खड़ी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी में मौजूद पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं दूसरा हादसा नगीना थाना क्षेत्र में गांव उमरी के पास दिल्ली-मुंबई हाईवे पर पिलर नंबर 42.5 के पास हुआ, जहां एक ब्रेजा कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के शव को नलहर अस्पताल में रखवाया गया है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों ही मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का इलाज जारी है। इन दोनों हादसों को मिलाकर नूंह जिले में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर 10 दिनों में अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसों का मुख्य कारण माना जा रहा है।लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
