वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका के साथ एक अच्छी ट्रेड डील पर सहमति बनी है और इसमें कृषि एवं दुग्ध क्षेत्रों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया। गोयल ने व्यापार समझौते का विवरण दिए बिना कहा कि यह अंतिम चरण में है और इसकी रूपरेखा स्पष्ट करते हुए जल्द ही भारत-अमेरिका का एक संयुक्त बयान जारी किया जाएगा।
वाणिज्य मंत्री ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर देश को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को देश की प्रगति का विरोधी बताते हुए कहा कि उनकी सोच नकारात्मक है। गोयल ने कहा कि वह संसद में इस समझौते के बारे में बोलना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के हंगामे के कारण ऐसा नहीं कर सके।
गाेयल ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौता पूरा कर लिया है और देश उन्हें बधाई दे रहा है। प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यक्तिगत संबंधों के कारण भारत को एक अच्छा समझौता हासिल हुआ है। यह देश के गरीबों, मछुआरों, किसानों और युवाओं के लिए कई अवसर खोलेगा। अमेरिका के साथ यह व्यापार समझौता भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभ संकेत है। गोयल ने कहा कि समझौते के तहत भारतीय वस्तुओं पर जवाबी शुल्क 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजग संसदीय दल की बैठक में कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता एक ‘बड़ा फैसला’ है, जो हर देशवासी के लिए लाभदायक होगा। राजग के घटक दलों के सदस्यों ने यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ व्यापार समझौतों के लिए प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि इससे भारतीय विनिर्माताओं, निर्यातकों और उद्यमियों को मजबूती मिलेगी।
शेयर बाजार में जबर्दस्त उछाल
मुंबई : व्यापार समझौते पर सहमति की घोषणा से उत्साहित घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को जबर्दस्त उछाल दर्ज हुआ। सेंसेक्स 4205.27 अंक उछलकर 85,871.73 के उच्चतम स्तर तक पहुंचा, हालांकि बाद में मुनाफावसूली होने से 2,072.67 अंक की बढ़त के साथ 83,739.13 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 639.15 अंक चढ़कर 25,727.55 पर बंद हुआ।
रुपये ने लगाई 122 पैसे की छलांग
एक कारोबारी सत्र में 122 पैसे (1.33 प्रतिशत) की बढ़त के साथ रुपया मंगलवार को सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली एशियाई मुद्रा के रूप में उभरा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.27 पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.30 पर खुला और कारोबार के दौरान यह 90.05 (उच्चतम) एवं 90.52 (न्यूनतम) के दायरे में रहा।
पीएम मोदी ने देश बेच दिया : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘मोदी जी पर भयंकर दबाव है। मोदी जी को इस बात का डर है कि उनकी छवि का गुब्बारा फूट सकता है। प्रधानमंत्री को ‘कंप्रोमाइज्ड’ किया गया है। हिंदुस्तान के किसानों को समझना चाहिए कि इस समझौते में आपकी मेहनत और खून-पसीने को नरेंद्र मोदी जी ने बेच दिया है। उन्होंने देश को बेच दिया है।’ यह पूछे जाने पर कि वह किस तरह के दबाव की बात कर रहे हैं, राहुल ने आरोप लगाया कि अमेरिका में उद्योगपति गौतम अदाणी के खिलाफ एक मामला है तथा एपस्टीन फाइलों में और भी बहुत कुछ सामने आने वाला है।
राज्यसभा में टकराव, विपक्ष का वॉकआउट
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर राज्यसभा में मंगलवार हंगामा हुआ। विभिन्न विपक्षी दलों के सदस्यों ने इस मुद्दे पर संसद को विश्वास में लेने, सदन पटल पर इसका मसौदा रखने और व्यापक चर्चा की मांग करते हुए वॉकआउट किया। वहीं सत्ता पक्ष ने कहा कि विपक्ष की हताशा सामने आ रही है। कांग्रेस के नेता जयराम रमेश ने कहा कि इस समझौते से जुड़ी जानकारी संसद के बजाय वाशिंगटन से मिल रही है।
भारत से तेल खरीद रोकने पर कोई संदेश नहीं मिला : रूस
मॉस्को : रूस को तेल खरीद रोकने के संबंध में भारत से कोई संदेश नहीं मिला है। रूसी सत्ता के केंद्र ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को यह बात कही। उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका तथा संभवतः वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हो गए हैं।’ रूसी मीडिया की खबरों के अनुसार, ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता ने यह भी कहा कि रूस हर संभव तरीके से भारत के साथ अपने संबंधों को मजबूत करना जारी रखने का इरादा रखता है। रूस के उप प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर नोवाक ने कहा कि सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। नोवाक ने कहा, ‘अभी तो सिर्फ सार्वजनिक बयान ही सामने आए हैं। देखते हैं आगे क्या हालात बनते हैं।’

