नीतीश के बेटे निशांत समेत 32 मंत्रियों ने ली शपथ
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार मांझी और कुशवाह के बेटे को भी स्थान, 5 महिलाएं शामिल
बिहार में बृहस्पतिवार को भाजपा के नेतृत्व वाली पहली सरकार का बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार तथा 31 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने पांच दलों वाले राजग के सभी 32 नेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जीतन राम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन तथा उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। मंत्रिमंडल में पांच महिलाएं शामिल हैं। इनमें श्रेयसी सिंह और पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद शामिल हैं। अन्य महिला मंत्री लेशी सिंह, श्वेता गुप्ता और पूर्व मंत्री शीला मंडल जदयू से हैं।
सभी की निगाहें निशांत कुमार (45) पर टिकी थीं, जिन्होंने करीब दो महीने पहले नीतीश के मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा सदस्य बनने की घोषणा के बाद सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया। शपथ लेने से पहले निशांत ने अपने पिता, शाह और मोदी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में 89 विधायकों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है और उसके मंत्रियों की संख्या 15 हो गई है। मंत्रिमंडल में शामिल अधिकांश नेता वे हैं, जो नीतीश सरकार में मंत्री थे। भाजपा ने बिहार की राजनीति में मंडल प्रभाव को देखते हुए सिर्फ सवर्णों की पार्टी की छवि तोड़ने का प्रयास किया है। पार्टी ने अपने पहले मुख्यमंत्री के रूप में पिछड़ा वर्ग के नेता को चुना है। मंत्रिमंडल में केवल छह सवर्ण नेताओं को शामिल किया गया है। बड़ी संख्या में ओबीसी और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के साथ दो दलित नेताओं लखेंद्र पासवान और नंद किशोर राम को भी शामिल किया गया है। जदयू के कुल 15 मंत्री हैं, जिनमें से 13 ने बृहस्पतिवार को गांधी मैदान में शपथ ली।

