Gurpatwant Pannun ‘Murder’ Plot: निखिल गुप्ता ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश की बात कबूली
Gurpatwant Singh Pannun: यह स्वीकारोक्ति अमेरिकी मजिस्ट्रेट जज के समक्ष दर्ज की गई
गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannun) की कथित हत्या की साजिश से जुड़े मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता (54) ने न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में तीन आपराधिक आरोपों में दोष स्वीकार कर लिया है।
अमेरिका के मैनहैटन स्थित संघीय अदालत में यह स्वीकारोक्ति अमेरिकी मजिस्ट्रेट जज के समक्ष दर्ज की गई। अमेरिकी अभियोजकों के अनुसार, निखिल गुप्ता ने हत्या के लिए सुपारी (Murder-for-hire), हत्या की साजिश (Conspiracy to commit murder-for-hire), मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश (Conspiracy to commit money laundering) के आरोपों के तहत दोष स्वीकार किया। इन तीनों आरोपों में अधिकतम 40 साल तक की सजा का प्रावधान है।
प्रत्यर्पण के बाद बदला रुख
निखिल गुप्ता को जून 2024 में चेक गणराज्य से अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया था। गुप्ता एक वर्ष पहले वहां गिरफ्तार किया गया था। प्रत्यर्पण के तुरंत बाद उसने खुद को निर्दोष बताया था, लेकिन अब अदालत में दोष स्वीकार कर लिया है। वह फिलहाल ब्रुकलिन की जेल में बंद है। वकीलों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अमेरिकी अभियोजकों का आरोप है कि निखिल गुप्ता ने एक भारतीय सरकारी अधिकारी के साथ मिलकर न्यूयॉर्क में रहने वाले सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। हालांकि, भारत सरकार ने इस कथित साजिश से खुद को अलग बताया है और कहा है कि इस तरह की किसी भी कार्रवाई का सरकार की नीति से कोई संबंध नहीं है।

