New York Subway Accident : न्यूयॉर्क में ट्रेन की चपेट में आने से भारतीय मूल की युवती और दोस्त की मौत
लोअर मैनहट्टन के स्प्रिंग स्ट्रीट सबवे स्टेशन पर तड़के करीब 3:15 बजे हादसा; दोनों ट्रैक पर बैठे थे, कारणों की जांच जारी
New York Subway Accident : न्यूयॉर्क के लोअर मैनहट्टन स्थित स्प्रिंग स्ट्रीट सबवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से भारतीय मूल की 24 वर्षीय मलाइका चित्रे और उनके 24 वर्षीय दोस्त नवाम कौल की मौत हो गई। दोनों न्यू जर्सी के रहने वाले थे और हादसे के समय ट्रैक पर मौजूद थे।
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) के अनुसार, दक्षिण दिशा में जा रही नंबर-4 ट्रेन ने दोनों को तड़के करीब 3:15 बजे चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को ट्रैक पर पाया। उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रेन में सवार करीब 100 यात्रियों को बाहर निकाला गया।
हादसे से कुछ सेकंड पहले का वीडियो सामने आया
纽约曼哈顿发生一起地铁悲剧:24岁的彭博金融数据分析师 Navam Kaul 与好友 Malaika Chitre周日凌晨约3:14出现在 Spring Street 站轨道上,Kaul 可能先跌落或自行下到轨道,Chitre 随后下去帮助他。南行4号线驶入时,司机紧急刹车但已来不及,两人当场身亡。监控显示他们事发前仍坐在轨道上互动。… pic.twitter.com/h1GUUHg5lN
— 紀春生 (@jichunsheng) September 15, 2026
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में दोनों ट्रेन आने से कुछ सेकंड पहले ट्रैक पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। न्यूयॉर्क पोस्ट में उद्धृत सूत्रों के अनुसार, ट्रेन ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि मलाइका हंसती हुई नजर आ रही थीं और उन्होंने नवाम को अपनी ओर खींचा था। ऑपरेटर ने दोनों को ट्रैक पर देखकर आपातकालीन ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन समय पर नहीं रुक सकी।
कानून प्रवर्तन सूत्रों के मुताबिक, जांचकर्ता इस संभावना की भी पड़ताल कर रहे हैं कि दोनों में से एक ट्रैक पर गिरा या वहां चढ़ा और दूसरा उसकी मदद करने के लिए ट्रैक पर गया। यह भी जांच की जा रही है कि क्या दोनों नशे की हालत में थे और खतरे को समय रहते समझ नहीं पाए।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि, जांचकर्ताओं ने आत्महत्या की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है। दोनों ट्रैक पर क्यों गए, इसका अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
दोनों रटगर्स यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र
मलाइका चित्रे न्यू जर्सी के डेटन की रहने वाली थीं और एक दवा कंपनी में ऑपरेशंस स्पेशलिस्ट के तौर पर काम करती थीं। नवाम कौल सेरेविल, न्यू जर्सी के रहने वाले थे और ब्लूमबर्ग में फाइनेंशियल डेटा एनालिस्ट थे। दोनों रटगर्स यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र थे और करीब एक ही समय में स्नातक हुए थे।
दोस्तों और परिचितों ने नवाम को मिलनसार, खुशमिजाज और लोकप्रिय बताया। उनके एक परिचित की मां राजनिकांत पिपलिया ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि नवाम के माता-पिता करीब तीन दशक पहले नेपाल से अमेरिका आए थे। मलाइका के एक पड़ोसी ने उन्हें होनहार और समझदार छात्रा बताया। पड़ोसी ने कहा कि वह आसपास के बच्चों के साथ खेला करती थीं।

