आधे से ज्यादा शबाना आजमी टाइप लोग थे, फालतू का एजेंडा मत चलाइए; कंगना ने 'जेनरेशन गटर' बयान पर दी सफाई
मेरा कोई ऐसा बयान दिखाइए, जिसमें पूरी Gen Z की बात हो : कंगना
Kangana Controversy : जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर अपनी पिछली टिप्पणियों पर आलोचना का सामना कर रहीं भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने अब सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी पूरी Gen Z पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि प्रदर्शन में शामिल एक खास समूह के लिए थी। कंगना ने आलोचकों को चुनौती देते हुए कहा कि उनका कोई ऐसा बयान दिखाया जाए, जिसमें उन्होंने पूरी युवा पीढ़ी को निशाना बनाया हो।
‘पूरी Gen Z की बात नहीं कर रही थी’
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए कहा कि जंतर-मंतर पर मौजूद भीड़ को पूरी Gen Z का प्रतिनिधि बताना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में अलग-अलग उम्र के लोग शामिल थे और युवाओं की मौजूदगी पूरी पीढ़ी की तस्वीर पेश नहीं करती। देश में Gen Z की आबादी करोड़ों में है, जबकि प्रदर्शन में शामिल लोगों की संख्या सीमित थी। प्रदर्शन में मौजूद लोगों में ‘आधे से ज्यादा शबाना आजमी टाइप लोग’ थे।
पुराने बयान पर हुआ था विवाद
कंगना की यह सफाई उनके पहले के बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल कुछ Gen Z युवाओं को ‘जेनरेशन गटर’ कहा था। उन्होंने प्रदर्शन की भाषा, तौर-तरीकों और कथित अव्यवस्था पर भी सवाल उठाए थे। उनकी टिप्पणियों के बाद विपक्षी नेताओं और सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें युवा-विरोधी बताया था। इसके बाद कंगना ने स्पष्ट किया कि वह पूरी पीढ़ी को लेकर कोई टिप्पणी नहीं कर रही थीं।
शबाना आजमी भी प्रदर्शन में हुई थीं शामिल
20 जुलाई को एक्ट्रेस शबाना आजमी जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में शामिल हुई थीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के साथ मार्च किया और सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए थे। एक्ट्रेस प्रकाश राज के साथ उनकी मौजूदगी भी चर्चा में रही। कंगना ने अपनी सफाई में कहा कि वह युवाओं के खिलाफ नहीं हैं और खुद को युवा पीढ़ी का हिस्सा मानती हैं। उन्होंने आलोचकों से उनके बयान को संदर्भ से अलग करके पेश नहीं करने की अपील की।

