Monsoon Crisis: उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच नदी में युवक बहा, भूस्खलन से 80 सड़कें बंद
Monsoon Crisis: उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश के बीच देहरादून में एक व्यक्ति उफनाई नदी में बहकर लापता हो गया जबकि भूस्खलन से राज्य में करीब 80 सड़कें यातायात के लिए अवरूद्ध हैं। मौसम विभाग ने देहरादून...
Monsoon Crisis: उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश के बीच देहरादून में एक व्यक्ति उफनाई नदी में बहकर लापता हो गया जबकि भूस्खलन से राज्य में करीब 80 सड़कें यातायात के लिए अवरूद्ध हैं। मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर जिलों में सोमवार को भारी वर्षा की चेतावनी के साथ 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, देहरादून में मालदेवता पुल के पास रविवार रात एक व्यक्ति बारिश से उफनाई सौंग नदी में बह गया। इसके अनुसार मौके पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) द्वारा खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इसके अनुसार लापता व्यक्ति की पहचान देहरादून के मियांवाला के रहने वाले साहिल गुसाईं (28) के रूप में हुई है।
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है और पिछले 24 घंटों में हरिपुर में 123.4 मिलीमीटर, कालसी में 108, कांडा में 49.5, गंगोलीहाट में 42.5, चमोली में 44.4, बागेश्वर में 40 मिलीमीटर तथा देहरादून में 22 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी।
बारिश से हुए भूस्खलन के कारण प्रदेश में कुल 81 सड़कें यातायात के लिए अवरूद्ध हैं और इन सड़कों पर यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं। ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग उत्तरकाशी जिले में बाडिया, जंगलचटटी और बनास के पास भूस्खलन का मलबा आने जबकि ऋषिकेश गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग जिले में पापड़गाड़ के पास मार्ग धंसने से अवरूद्ध है। धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग भी पिथौरागढ़ जिले के कूलागाड़ में मलबा आने से बाधित है।
चमोली जिले में ज्योतिर्मठ तहसील के किमाणा गांव के पीछे की पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन का मलबा खेतों के बाद अब गांव में भी फैल रहा है। ग्राम प्रधान के हवाले से एसईओसी ने बताया कि फिलहाल गांव में 120 परिवार रह रहे हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून एवं बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
इसके साथ ही उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना के साथ 'यलो अलर्ट' जारी किया गया है। एसईओसी ने बताया कि भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासनों को पर्याप्त एहतियाती उपाय करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

