Modi Israel visit : इजरायली संसद में बोले PM मोदी- आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करने की अडिग नीति अपनाता है भारत
सांसदों ने अपने स्थानों पर खड़े होकर 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए
Advertisement
Modi Israel visit : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि इजराइल की तरह, भारत भी आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने की एक सुसंगत और अडिग नीति अपनाता है। मोदी ने इजराइल की संसद 'नेसेट' को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकों की हत्या और आतंकवाद को किसी भी तरह से जायज नहीं ठहराया जा सकता।
मोदी ने कहा कि आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए निरंतर और समन्वित वैश्विक कार्रवाई की आवश्यकता है, क्योंकि दुनियाभर में कहीं भी आतंकवाद शांति के लिए खतरा है। इस समय भारत पूरी दृढ़ता के साथ इजराइल के साथ खड़ा है। पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर, 2023 को हमास द्वारा किए गए ''बर्बर आतंकवादी हमले'' की निंदा की और कहा कि हम आपके दर्द को महसूस करते हैं, हम आपके शोक में आपके साथ हैं। भारत गाजा में शांति की पहल का समर्थन करता है।
उन्होंने कहा कि शांति का मार्ग हमेशा आसान नहीं होता, लेकिन भारत इस क्षेत्र में संवाद, शांति और स्थिरता के लिए आपके और विश्व के साथ खड़ा है। मैं 1.4 अरब भारतीयों की ओर से शुभकामनाएं और मित्रता, सम्मान और साझेदारी का संदेश लेकर आया हूं। हमारी सहभागिता का दायरा और विस्तार बढ़ा है। हम कई क्षेत्रों में इस संबंध को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मोदी के संसद में पहुंचने पर सांसदों ने अपने स्थानों पर खड़े होकर 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए और उनके भाषण के दौरान कई बार उन्होंने मेजें थपथपाकर प्रधानमंत्री की कई बातों का समर्थन किया।
Advertisement
×

