Modi Israel visit: पीएम मोदी इस्राइल दौरे पर रवाना, कहा- रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर फोकस
Modi Israel visit: पीएम मोदी दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर चर्चा करेंगे
Modi Israel visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज और कल यानी 25-26 फरवरी 2026 को इस्राइल के राजकीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरे पर रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि वह अपने “प्यारे दोस्त” बेंजामिन नेतान्याहू (Benjamin Netanyahu) के आमंत्रण पर इस्राइल जा रहे हैं और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इस्राइल के संबंध हाल के वर्षों में तेज़ी से मजबूत हुए हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और विस्तार देने पर बातचीत होगी। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
राष्ट्रपति हर्ज़ोग से मुलाकात, नेसेट को संबोधन
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी इस्राइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग (Isaac Herzog) से भी मुलाकात करेंगे। उन्हें इस्राइली संसद नेसेट (Knesset) को संबोधित करने का अवसर भी मिलेगा। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इसे दोनों देशों के लोकतांत्रिक और संसदीय रिश्तों के लिए ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है।
प्रवासी भारतीयों से भी मिलेंगे
प्रधानमंत्री मोदी इस्राइल में भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी लंबे समय से भारत-इस्राइल मित्रता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
दूसरा इस्राइल दौरा
यह प्रधानमंत्री मोदी का इस्राइल का दूसरा दौरा होगा। इस बार के राजकीय दौरे से रक्षा, टेक्नोलॉजी और निवेश सहयोग में नई पहल की उम्मीद जताई जा रही है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह दौरा भारत और इस्राइल के बीच पक्के रिश्तों को और सशक्त करेगा तथा साझा भविष्य के लिए नई दिशा तय करेगा।

