मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने माफी मांगी
पीएम मोदी के वीडियो विवाद के बीच सोशल मीडिया मंच पर बाल शोषण, डीपफेक, मंच संचालन में गलतियां स्वीकारीं
नयी दिल्ली, 5 अगस्त (एजेंसी)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो संदेश फेसबुक से कुछ देर के लिए हटाए जाने के मामले में सरकार द्वारा समन जारी किए जाने के बाद कंपनी की वैश्विक टीम ने बुधवार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, इसके बाद फेसबुक एवं इंस्टाग्राम की संचालक कंपनी मेटा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग ने बाल शोषण सामग्री, डीपफेक और मंच के संचालन में हुई गलतियों के लिए माफी मांगी है। हालांकि, मेटा अधिकारियों ने बैठक पर कोई टिप्पणी नहीं की।
सूत्रों के मुताबिक, मेटा टीम ने स्वीकार किया कि एक विशेष प्रकार की सामग्री को बढ़ावा देने के लिए बहुत सारा पैसा दिया गया था। उन्होंने अपनी गलती के लिए माफी मांगी और खेद व्यक्त किया। कंपनी के वैश्विक मामलों के अधिकारी जोएल कैपलन सहित मेटा टीम ने आईटी सचिव एस. कृष्णन के साथ भी बैठक की।
हाल ही में पीएम मोदी द्वारा युवाओं को संबोधित करने और पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा करने वाला संदेश फेसबुक ने अस्थायी रूप से हटा दिया था, जिसके बाद सरकार ने मेटा अधिकारियों को तलब किया था।

