Yamuna Expressway Accident : मथुरा में डबल-डेकर बस ट्रक से टकराई, चालक-कंडक्टर समेत चार की मौत
25 यात्री घायल, शुरुआती जांच में कंडक्टर के बस चलाने की आशंका; पुलिस ने दिए जांच के आदेश
Yamuna Expressway Accident : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में डबल-डेकर बस के कंटेनर ट्रक से टकराने से चालक, कंडक्टर, क्लीनर और एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा राया थाना क्षेत्र में सुबह करीब चार बजे एक्सप्रेसवे के 111वें और 112वें किलोमीटर के बीच हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि लखनऊ से आ रही बस अपने आगे चल रहे कंटेनर ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
शुरुआती जांच में सामने आई लापरवाही
एसएसपी के अनुसार प्रारंभिक जांच और घायलों के बयानों से संकेत मिले हैं कि हादसे के समय बस अधिकृत चालक नहीं, बल्कि कंडक्टर चला रहा था। वह कथित तौर पर तेज रफ्तार में बस चला रहा था। पुलिस का कहना है कि कंटेनर अपनी निर्धारित लेन में चल रहा था, तभी बस पीछे से उसमें जा भिड़ी।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मृतकों में बस चालक, कंडक्टर, क्लीनर और एक यात्री शामिल हैं।
घायलों की हालत खतरे से बाहर
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन घायलों के इलाज के साथ उनकी आगे की यात्रा की भी व्यवस्था कर रहा है। सभी यात्रियों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। एसएसपी ने बताया कि किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं है। दो यात्रियों को फ्रैक्चर हुआ है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

