Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Sensex Nifty Today: कच्चे तेल में तेजी से दबाव में बाजार, सेंसेक्स 158 अंक टूटा, रुपया 8 पैसे फिसला

वैश्विक अनिश्चितताओं और कच्चे तेल की बढ़त से बाजार में गिरावट, SBI, पावर ग्रिड, NTPC में बिकवाली, रुपया 95.25 प्रति डॉलर पर खुला

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने से सोमवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 19.38 अंक की गिरावट के साथ 78,479.79 अंक पर आ गया। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 5.10 अंक फिसलकर 24,567.45 अंक पर कारोबार कर रहा था।

बाद में कारोबार के दौरान सेंसेक्स 158.62 अंक टूटकर 78,340.55 अंक पर और निफ्टी 45.20 अंक गिरकर 24,524.95 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इटरनल, भारतीय स्टेट बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और भारती एयरटेल के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

Advertisement

वहीं, टाइटन, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.03 प्रतिशत बढ़कर 84.41 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Advertisement

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 480.24 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की-225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। शुक्रवार को सेंसेक्स 455.59 अंक टूटकर 78,499.17 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 65.35 अंक की गिरावट के साथ 24,570.65 अंक पर बंद हुआ था।

शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले आठ पैसे टूटा

अमेरिकी डॉलर की मजबूती और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के दबाव में शुरुआती कारोबार में रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आठ पैसे टूटकर 95.25 पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के निवेश और देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी से रुपये में अधिक गिरावट पर अंकुश लगा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.18 प्रति डॉलर पर खुला और बाद में फिसलकर 95.25 प्रति डॉलर पर आ गया। यह पिछले बंद भाव से आठ पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त के साथ 95.17 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत बढ़कर 99.70 पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84.31 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

Advertisement
×