पंजाब के मानसा में PRTC बस से टकराई स्कूल वैन, चालक समेत कई छात्र घायल
बुढलाडा-जाखल मार्ग पर डायलपुरा गांव के पास हादसा; अचानक बाइक आने पर बस चालक के ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
पंजाब के मानसा जिले में बरेटा के पास सोमवार सुबह एक स्कूल वैन पंजाब रोड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (PRTC) बस से टकरा गई। हादसे में स्कूल वैन चालक और कुछ छात्र घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसा बुढलाडा-जाखल मार्ग पर डायलपुरा गांव के पास सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। PRTC बस जाखल की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक मोटरसाइकिल बस के सामने आ गई। बस चालक ने मोटरसाइकिल को बचाने के लिए ब्रेक लगाए, जिसके बाद स्कूल वैन बस से जा टकराई।
स्कूल वैन में सवार छात्र बरेटा की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद घायल छात्रों और वैन चालक को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार छात्रों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि स्कूल वैन चालक को कई चोटें लगी हैं।
बरेटा थाना प्रभारी गणेश्वर शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम डायलपुरा गांव के पास घटनास्थल पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि वैन चालक को कई चोटें आई हैं, जबकि छात्रों को मामूली चोटें आई हैं और वे सुरक्षित हैं।
खस्ताहाल वैन को लेकर सवाल
सूत्रों के अनुसार हादसे का शिकार हुई स्कूल वैन की हालत खराब थी और इसके बावजूद वह चल रही थी। यह भी दावा किया गया कि वैन के पास कमर्शियल रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

