Manali Delhi Bus Accident: डेराबस्सी के पास ट्रक की टक्कर से पलटी बस, 20 से ज्यादा यात्री घायल
Manali Delhi Bus Accident: जीरकपुर से पटियाला जा रहे ट्रक की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर पलटी बस; गंभीर घायलों को चंडीगढ़ रेफर किया गया
Manali Delhi Bus Accident: मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस शुक्रवार को डेराबस्सी के पास सड़क हादसे का शिकार हो गई। जीरकपुर से पटियाला की ओर जा रहे एक ट्रक की टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।
हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। जब बस छत लाइट चौक के पास पहुंची, तभी पीछे से आए ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक संतुलन खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई।
बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों से नीचे गिर पड़े, जबकि कुछ लोग बस के अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और सड़क सुरक्षा पुलिस मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल डेराबस्सी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर रूप से घायल यात्रियों को चंडीगढ़ स्थित जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया गया। हादसे में एक युवक की बांह गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
बस सड़क के बीचोंबीच पलटी रहने के कारण करीब दो घंटे तक हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से बस को हटाकर यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

