Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

राहुल गांधी की टीम में बड़ा बदलाव, संजय दत्त बने हरियाणा के प्रभारी; बदले कई बड़े चेहरे

राजेंद्र पाल गौतम बनाए गए उत्तर प्रदेश के प्रभारी

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने संगठन में फेरबदल करते हुए राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश, संजय दत्त को हरियाणा और लालजी देसाई को ओडिशा का प्रभारी नियुक्त किया। इसके साथ ही, भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. को कांग्रेस के अग्रिम संगठन सेवा दल का मुख्य संगठक (प्रमुख) नियुक्त किया गया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन नियुक्तियों को स्वीकृति प्रदान की।

दलित समुदाय से आने वाले गौतम को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने मिले राज्य का प्रभार सौंपा गया है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे गौतम सितंबर, 2024 में कांग्रेस में शामिल हुए थे और इसके कुछ महीने बाद ही उन्हें पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग का अध्यक्ष बनाया गया था। गौतम को अविनाश पांडे के स्थान पर उत्तर प्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पांडे इससे पहले राजस्थान और झारखंड प्रभारी की भूमिका निभा चुके थे।

Advertisement

गौतम ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताया और कहा कि वह नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मेरा मकसद यही है कि खड़गे जी और राहुल जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को फिर से मजबूत किया जाए और भाजपा की बहुजन विरोधी सरकार को सत्ता से बाहर किया जाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के बहुजन राहुल गांधी को अपने नेता के रूप में देख रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है।

Advertisement

हाल ही में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त हुए बीके हरिप्रसाद को हरियाणा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। हरिप्रसाद के स्थान पर हरियाणा के प्रभारी बनाए गए संजय दत्त अब तक पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और मध्य प्रदेश के लिए सह प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। अजय कुमार लल्लू को ओडिशा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।

श्रीनिवास को लालजी देसाई के स्थान पर सेवा दल का प्रमुख बनाया गया है। श्रीनिवास कोविड महामारी के समय बहुत सारे लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने के कारण "ऑक्सीजन मैन" के नाम से मशहूर हुए थे। वह फिलहाल कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और गुजरात के लिए सह प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे।

Advertisement
×