तरनतारन में BSF-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 624 ग्राम हेरोइन और पैकिंग सामग्री बरामद
सराय अमानत खां के सुआ नौशहरा ढाला पटरी क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान; पाकिस्तान से खेप आने की आशंका, तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
पंजाब के तरनतारन जिले के सरहदी इलाके सराय अमानत खां में सीमा सुरक्षाबलों ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे सुआ नौशहरा ढाला पटरी क्षेत्र में बीएसएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर 624 ग्राम हेरोइन और 124 ग्राम पैकिंग सामग्री बरामद की है।
नौशहरा ढाला की पटरी पर बीएसएफ का विशेष सर्च ऑपरेशन
बीएसएफ सीमा सुरक्षा बल की 181 बटालियन के इंस्पेक्टर स्विन्दर कुमार आर्य को सीमावर्ती इलाके में संदिग्ध गतिविधि और खेप की मौजूदगी का इनपुट मिला था। इस सूचना के आधार पर बीएसएफ अधिकारियों ने तुरंत पुलिस टीम के साथ मिलकर सुआ नौशहरा ढाला की पटरी के आसपास के इलाके की घेराबंदी की और सघन जांच अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान झाड़ियों और पटरी के किनारे छिपाकर रखा गया एक पैकेट बरामद हुआ। जांच करने पर उसमें से 624 ग्राम संदिग्ध हेरोइन और 124 ग्राम पैकिंग मटेरियल मिला। बीएसएफ की टीम ने बरामद सामान को आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच के लिए थाना सराय अमानत खां पुलिस के हवाले कर दिया।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए थाना सराय अमानत खां में तैनात एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 22/61/85 तथा 25/26/29 के तहत एफआईआर नंबर 115 दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच से स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि हेरोइन की यह खेप पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में पहुंचाई गई थी। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि पंजाब के भीतर इस खेप की डिलीवरी किसे ली जानी थी और इसमें कौन-कौन से स्थानीय तस्कर शामिल हैं।
सीमावर्ती क्षेत्र में बढ़ाई गई चौकसी
पंजाब का यह सीमावर्ती क्षेत्र लंबे समय से पाकिस्तानी तस्करों की नापाक हरकतों का केंद्र रहा है। सीमा पार से आए दिन ड्रोन या अन्य तरीकों से हेरोइन की खेप गिराने की कोशिश की जाती है, जिसे नाकाम करने के लिए बीएसएफ और पंजाब पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की तफ्तीश तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। आने वाले दिनों में इस तस्करी रैकेट से जुड़े स्थानीय सहयोगियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में कई अन्य अहम खुलासे होने की आशा है।

