Gurcharan Singh Gaba Murder Case: गुरचरण सिंह गाबा हत्याकांड में बड़ी सफलता, पंजाब पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से दो शूटर दबोचे
Gurcharan Singh Gaba Murder Case: एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स, फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में कार्रवाई; आरोपियों से पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद
Gurcharan Singh Gaba Murder Case: पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरचरण सिंह गाबा हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान के तहत की गई।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अपनी एक्स पोस्ट पर लिखा, दोनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं और उन्हें जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक बेरेटा .30 बोर पिस्तौल और .30 बोर के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ फिरौती, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, राजस्थान पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
In a major breakthrough, the Anti-Gangster Task Force (#AGTF) Punjab, in a well-coordinated operation with Ferozepur Police and Jammu & Kashmir Police, apprehends two shooters from #Rajasthan, involved in the murder of Gurcharan Singh Gaba of Makhu, #Ferozepur, from Jammu &… pic.twitter.com/quBb1Q0kL6
— DGP Punjab Police (@DGPPunjabPolice) June 7, 2026
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी फिरोजपुर जिले के मक्कू क्षेत्र में हुए गुरचरण सिंह गाबा हत्याकांड में शामिल थे और घटना के बाद फरार चल रहे थे। लगातार तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर उनकी तलाश की जा रही थी।
इस मामले में पुलिस थाना मक्कू में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश, उनके सहयोगियों और अपराध नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में सक्रिय संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पंजाब को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
