इंदौर में बड़ा हादसा, जर्जर मकान ढहने से 4 महिला मजदूरों की मौत; भवन के हिस्से टूटकर गिरे
श्रमिकों को बाहर निकालकर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में आज एक जर्जर मकान को ढहाए जाने के दौरान मलबे के नीचे दबकर 4 महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य श्रमिक घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक (DSP) उमाकांत चौधरी ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर सांवेर कस्बे में हुआ, जब एक जर्जर मकान को दोबारा बनाने के लिए इसे ढहाया जा रहा था। मजदूर जर्जर मकान की दीवारें तोड़ रहे थे।
इस दौरान मकान की दीवार के साथ ही इससे सटे भवन के हिस्से टूट कर नीचे गिर गए और मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे में मरने वाली श्रमिकों की पहचान रीना (30), सीमा (33), चंदा (30) और सुशीला (50) के रूप में हुई है।
डीएसपी ने बताया कि मलबे के नीचे दबी तीन महिलाओं समेत पांच श्रमिकों को बाहर निकालकर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। राहत एवं बचाव कार्य पूरा हो चुका है और हादसे की जांच की जा रही है।

