Maharashtra Palghar Earthquake : महाराष्ट्र के पालघर में एक घंटे में भूकंप के दो झटके, कोई नुकसान नहीं
जव्हार तालुका में 3.4 तीव्रता के दोनों झटके, पांच किलोमीटर की गहराई में हुई भूकंपीय गतिविधि
Maharashtra Palghar Earthquake : महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक घंटे के भीतर 3.4 तीव्रता के भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।
जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, पहला झटका सोमवार रात 10 बजकर चार मिनट पर महसूस किया गया, जबकि दूसरा झटका रात 11 बजे आया। दोनों की तीव्रता 3.4 थी। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि भूकंपीय गतिविधि जव्हार तालुका में पांच किलोमीटर की गहराई पर हुई।
लगातार आए झटकों से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर नजर रख रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
पिछले महीने भी महसूस किए गए थे तीन झटके
पालघर में पिछले कुछ वर्षों से कम तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस होते रहे हैं। पिछले महीने भी जिले में भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए थे। पालघर मुंबई से करीब 100 किलोमीटर दूर है।

