Maharashtra Civic Polls Results: भाजपा का शानदार प्रदर्शन, 29 महानगरपालिकाओं में 1,425 सीटों पर जीत
Maharashtra Civic Polls Results: बीएमसी से ठाकरे परिवार का तीन दशक पुराना वर्चस्व खत्म
Maharashtra Civic Polls Results: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र के 2026 नगर निकाय चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में कुल 2,869 सीटों में से 1,425 सीटों पर कब्जा जमाया है। इस जीत के साथ भाजपा ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना का नियंत्रण छीन लिया, जिससे ठाकरे परिवार का करीब 30 साल पुराना वर्चस्व समाप्त हो गया।
बीएमसी में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी
बीएमसी की कुल 227 सीटों में से भाजपा ने 89 सीटें जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना को 29 सीटें मिलीं। वहीं, शिवसेना (उबाठा) को 65, कांग्रेस को 24, मनसे को छह, एआईएमआईएम को आठ, राकांपा को तीन, समाजवादी पार्टी को दो और राकांपा (शप) को सिर्फ एक सीट मिली।
पुणे में पवार परिवार को झटका
पुणे महानगरपालिका चुनाव में भाजपा ने बड़ा उलटफेर करते हुए 119 सीटें जीत लीं। अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा 27 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि उसकी सहयोगी राकांपा (शप) को तीन सीटें मिलीं। कांग्रेस को यहां सिर्फ 15 सीटों से संतोष करना पड़ा।
नागपुर, नासिक और संभाजीनगर में भी भाजपा का दबदबा
- नागपुर: 151 सदस्यीय महानगरपालिका में भाजपा ने 102 सीटें जीतकर एकतरफा बढ़त बनाई, कांग्रेस को 34 सीटें मिलीं।
- नासिक: भाजपा को 72, शिवसेना को 26, शिवसेना (उबाठा) को 15, कांग्रेस को तीन और राकांपा को चार सीटें मिलीं।
- छत्रपति संभाजीनगर: भाजपा ने 57 सीटें जीतीं। शिवसेना को 13 और कांग्रेस को एक सीट मिली, जबकि एआईएमआईएम समेत अन्य पंजीकृत दलों ने 33 सीटें हासिल कीं।
कुल सीटों का आंकड़ा
भाजपा: 1,425
शिवसेना: 399
कांग्रेस: 324
राकांपा: 167
शिवसेना (उबाठा): 155
राकांपा (शप): 36
मनसे: 13
बसपा: 6
एसईसी में पंजीकृत अन्य दल: 129
गैर-मान्यता प्राप्त दल: 196
निर्दलीय: 19
इन महानगरपालिकाओं में हुए चुनाव
इन चुनावों में मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक, ठाणे, नवी मुंबई, पिंपरी-चिंचवड़, कल्याण-डोंबिवली, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, छत्रपति संभाजीनगर, सोलापुर, अमरावती, अकोला, कोल्हापुर, सांगली-मिराज-कुपवाड, जलगांव, धुले, जालना, लातूर, नांदेड़-वाघाला, परभणी, चंद्रपुर, पनवेल, भिवंडी-निजामपुर, मालेगांव, अहिल्यानगर और इचलकरंजी शामिल रहीं।

