Lawyer Suicide : लखनऊ में वकील ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
परिजनों ने ट्रामा सेंटर पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
Lawyer Suicide : उत्तर प्रदेश की राजधानी के अलीगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सेक्टर-जी इलाके में रहने वाले 40 वर्षीय वकील शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कथित तौर पर अपने घर में खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
लखनऊ पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस दुखद घटना की जानकारी गुरुवार रात करीब 10:35 बजे डायल-112 के माध्यम से प्राप्त हुई। पुलिस को यह सूचना मृतक की बहन शालिनी सिंह ने दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके भाई शैलेंद्र प्रताप सिंह ने अलीगंज स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मार ली है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।
ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस के अनुसार, घटना के तत्काल बाद परिजन शैलेंद्र को गंभीर हालत में लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अलीगंज थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल वकील द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

