Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

LPU में बवाल के बाद SIT जांच, छात्रा की शिकायत पर FIR दर्ज; यूनिवर्सिटी ने अफवाहों को बताया ‘झूठा और मनगढ़ंत’

दुष्कर्म के दावे पर छात्रों ने किया था हंगामा, तोड़फोड़ और हाईवे जाम; जांच टीम में पुलिस अधिकारियों के साथ छात्र प्रतिनिधि भी शामिल

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से कथित दुष्कर्म की सूचना को लेकर हुए हंगामे के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है। वहीं, एक छात्रा के बयान पर सतनामपुरा थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले को लेकर अलग-अलग तथ्य सामने आए हैं।

रविवार तड़के सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी व्यक्ति द्वारा कथित दुष्कर्म की सूचना फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में जमा हो गए थे। इसके बाद प्रदर्शन उग्र हो गया और छात्रों ने कथित तौर पर विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। प्रदर्शनकारियों ने जालंधर-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग को भी जाम कर दिया था।

Advertisement

LPU ने अफवाहों को बताया ‘झूठा और मनगढ़ंत’

LPU ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही सूचनाओं को “झूठा, निराधार और मनगढ़ंत” बताया है। विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार मोनिका गुलाटी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कुछ “असामाजिक तत्व” भ्रामक सूचनाएं फैला रहे हैं।

Advertisement

विश्वविद्यालय के अनुसार, अफवाहों को जिस तरह प्रसारित किया जा रहा है, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि संस्थान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

LPU ने कहा कि वर्तमान में प्रसारित हो रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। विश्वविद्यालय ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें। विश्वविद्यालय ने छात्रों और अभिभावकों से केवल अपने आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर भरोसा करने को कहा है।

यह भी पढ़ें: पंजाब की यूनिवर्सिटीज में अफवाहों से बवाल: चितकारा के बाद LPU में भी हिंसक प्रदर्शन, सोशल मीडिया बना ट्रिगर

पुलिस ने गठित की SIT

इस बीच जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। टीम में फगवाड़ा के एसपी मेजर सिंह, डीएसपी पालविंदर सिंह और एक महिला पुलिस निरीक्षक को शामिल किया गया है। इसके अलावा छात्रों के प्रतिनिधियों को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि SIT पूरे मामले की जांच करेगी और सामने आ रहे दावों तथा तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा।

छात्रा के बयान पर FIR

पुलिस के अनुसार, एक छात्रा के बयान पर सतनामपुरा पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है। शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाया है कि 23 सितंबर को गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ था और विश्वविद्यालय प्रशासन ने कथित तौर पर मामले को दबाने की कोशिश की।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। SIT अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों और विश्वविद्यालय प्रशासन के पक्ष समेत पूरे मामले की जांच करेगी।

पहले सोशल मीडिया पोस्ट से मचा था बवाल

दुष्कर्म के दावे से जुड़े सोशल मीडिया संदेशों के बाद रविवार तड़के छात्राओं के हॉस्टल के पास बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हुए थे। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और कैंपस में तोड़फोड़ की गई। छात्रों ने जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर भी प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

अब पुलिस जांच के साथ यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों में कितनी सच्चाई है और शिकायत में लगाए गए आरोपों का वास्तविक आधार क्या है।

Advertisement
×