Looteri Dulhan : मंदिर में हुई शादी, घर भी आई दुल्हन लेकिन दो दिन बाद ही गहनें लेकर हुई फरार... पति रह गया हैरान
शादी के बाद घर में खुशियां थीं, अचानक रात में गायब हुई दुल्हन; CCTV ने खोला राज
Looteri Dulhan : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शादी के महज दो दिन बाद एक नवविवाहिता के कथित तौर पर घर से आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना सिंभावली थाना क्षेत्र के लिसड़ी-भगवतीपुर गांव की है। महिला के घर से निकलने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है। पति की शिकायत पर पुलिस ने दुल्हन, शादी कराने वाले पुजारी और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन महीने पहले आया था शादी का प्रस्ताव
पति विनोद कुमार के मुताबिक, हल्द्वानी निवासी पुजारी राकेश शास्त्री ने करीब तीन महीने पहले उनसे संपर्क किया था। पुजारी ने बताया था कि एक गरीब परिवार की महिला की शादी कराई जानी है और विवाह मंदिर में होगा। इसके बाद विनोद अपने परिवार के साथ 14 अगस्त को रामपुर स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां पुजारी ने सीमा नाम की महिला से उनका विवाह कराया।
शादी के बाद दिए गए गहनें
विनोद के अनुसार, शादी के बाद उनके परिवार ने दुल्हन की मां को एक लाख रुपये दिए, जबकि पुजारी को 2,100 रुपये दक्षिणा दी गई। सीमा को घर लाने के बाद परिवार ने उसे सोने का मंगलसूत्र, चांदी का हार, बालियां और पायल भी दीं।
रात में घर से निकली महिला
आरोप है कि 15 अगस्त की देर रात सीमा सभी आभूषण लेकर घर से निकल गई। अगले दिन सुबह परिवार को उसके घर में मौजूद नहीं होने का पता चला। काफी तलाश के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिला। घर से निकलने का घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में कैद बताया जा रहा है।
धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज
पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि विनोद की शिकायत के आधार पर पुजारी राकेश शास्त्री, सीमा और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने के साथ महिला और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

