52 सुंदरियों को पीछे छोड़ 19 साल की काजिया लिज मेजो बनीं Miss Universe India 2026, अब प्यूर्टो रिको में भारत को करेंगी रिप्रेंजेट
केरल की लॉ स्टूडेंट ने जीता Miss Universe India 2026 का ताज
Miss Universe India 2026 : केरल की 19 वर्षीय लॉ स्टूडेंट काजिया लिज मेजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब अपने नाम कर लिया है। जयपुर स्थित जी स्टूडियो में 23 अगस्त को आयोजित भव्य ग्रैंड फिनाले में काजिया ने 52 राष्ट्रीय फाइनलिस्ट को पीछे छोड़ते हुए ताज अपने नाम किया। उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मानिका विश्वकर्मा ने क्राउन पहनाया। काजिया की जीत के साथ ही अब उनकी नजरें इंटरनेशनल मंच पर भारत का रिप्रेजेंट करने पर हैं।
टॉप-5 में इन सुंदरियों ने बनाई जगह
तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप रहीं और उन्हें मिस इंटरनेशनल इंडिया 2026 का ताज भी पहनाया गया। गुजरात की अनुश्री सातवलेकर सेकंड रनर-अप बनीं। महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव ने थर्ड रनर-अप का स्थान हासिल किया, जबकि उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ फोर्थ रनर-अप रहीं। टॉप-5 की घोषणा Glamanand Group की ओर से की गई, जो मिस यूनिवर्स इंडिया ऑर्गनाइजेशन का संचालन करता है।
सुष्मिता सेन समेत इन दिग्गजों ने किया फैसला
इस बार जजिंग पैनल भी खास रहा। बॉलीवुड अभिनेत्री और भारत की पहली मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के साथ अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स इंडिया उर्वशी रौतेला, मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा और पर्यावरणविद् एवं फिल्म निर्माता प्रज्ञा कपूर चयन प्रक्रिया का हिस्सा रहीं। पूर्व मिस यूनिवर्स इंडिया और मिस यूनिवर्स रनर-अप सेलिना जेटली भी जजिंग पैनल में शामिल थीं।
अब ग्लोबल ताज के लिए करेंगी तैयारी
राष्ट्रीय खिताब जीतने के बाद काजिया लिज मेजो अब मिस यूनिवर्स के अंतरराष्ट्रीय मंच की तैयारी शुरू करेंगी। वह नवंबर 2026 में सैन जुआन, प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

