Jhajjar Lawyer Murder: झज्जर में वकील की गला रेतकर हत्या, फोन कर बुलाया और वारदात को दिया अंजाम
Jhajjar Lawyer Murder: एक साल पहले लव मैरिज की थी वकील ने
Jhajjar Lawyer Murder: हरियाणा के झज्जर में एक वकील की गला रेतकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवराज के रूप में हुई है, जो झज्जर बार एसोसिएशन के सदस्य थे। बताया जा रहा है कि आरोपी ने किसी केस के बहाने फोन कर उन्हें बुलाया और फिर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल देवराज को पहले नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक होने पर पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सालभर पहले की थी लव मैरिज
देवराज मूल रूप से झज्जर के सिलानी गांव के रहने वाले थे। करीब एक साल पहले उन्होंने गुभाना की रहने वाली स्वीटी से प्रेम विवाह किया था। स्वीटी की यह दूसरी शादी थी और उसके पहले पति से एक बेटा भी है। शादी के बाद देवराज ने ही उस बच्चे को अपना नाम दिया था। देवराज अपनी पत्नी स्वीटी, बेटे शौर्य, ससुर प्रकाश और दिव्यांग साले के साथ झज्जर के मातागेट मोहल्ले में किराये के मकान में रह रहे थे।
वकीलों में रोष, कामकाज ठप
घटना के बाद झज्जर बार के अधिवक्ताओं में भारी रोष है। वकीलों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कामकाज (वर्क) सस्पेंड कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो हड़ताल जारी रखी जाएगी। बार प्रधान के अनुसार, देवराज वर्ष 2014 से झज्जर बार के सदस्य थे और अपने मिलनसार स्वभाव के कारण वकीलों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

