Lamborghini accident : कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा : तंबाकू कारोबारी के बेटे के गाड़ी न चलाने का वकील का दावा, पुलिस ने सीसीटीवी और चश्मदीदों से किया खंडन
Lamborghini accident : कानपुर में लैंबॉर्गिनी कार से छह लोगों को कुचलने के मामले में आरोपी शिवम मिश्रा के अधिवक्ता ने दावा किया है कि हादसे के समय शिवम वाहन नहीं चला रहा था। हालांकि पुलिस ने इस दलील को...
Lamborghini accident : कानपुर में लैंबॉर्गिनी कार से छह लोगों को कुचलने के मामले में आरोपी शिवम मिश्रा के अधिवक्ता ने दावा किया है कि हादसे के समय शिवम वाहन नहीं चला रहा था। हालांकि पुलिस ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा है कि जांच में मिले सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीदों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्य यह स्पष्ट करते हैं कि गाड़ी शिवम मिश्रा ही चला रहा था।
आरोपी के वकील मृत्युंजय कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि लैंबॉर्गिनी कार मिश्रा परिवार का चालक मोहन चला रहा था, न कि शिवम। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि मामले को सीधे आपराधिक कृत्य मानने के बजाय एक दुर्घटना के रूप में देखा जाए और अदालत के समक्ष सभी तथ्यों व साक्ष्यों को पेश किया जाएगा।
यह हादसा कानपुर के पॉश ग्वालटोली इलाके की वीआईपी रोड पर अपराह्न करीब सवा तीन बजे हुआ, जब दस करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लैंबॉर्गिनी ने कई वाहनों को टक्कर मारते हुए राहगीरों को कुचल दिया। इस घटना में कम से कम छह लोग घायल हो गए थे।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा कि शुरुआती प्राथमिकी में कभी-कभी जानकारी अधूरी हो सकती है, लेकिन जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों से स्थिति स्पष्ट हो जाती है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान शिवम मिश्रा के वाहन चलाने की पुष्टि करते हैं।
पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मौके के वीडियो फुटेज में टक्कर के तुरंत बाद जिस व्यक्ति को चालक की सीट से बाहर निकाला गया, उसकी पहचान शिवम मिश्रा के रूप में की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वकील की दलीलों से पुलिस जांच पर कोई असर नहीं पड़ेगा और अदालत के समक्ष सभी तथ्य रखे जाएंगे।
पुलिस ने लैंबॉर्गिनी कार को फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया है। मामले में प्रारंभिक स्तर पर लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

