Krishna Janmashtami : मथुरा में समुद्र मंथन थीम, मुंबई में गूंजे भजन; जन्माष्टमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़, दही-हांडी की तैयारियां तेज
जन्माष्टमी पर मुंबई में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, दही-हांडी उत्सव की तैयारियां तेज
Krishna Janmashtami : मुंबई समेत देश के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। शहर के विभिन्न कृष्ण मंदिरों में सुबह की पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और आरती तथा भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। शहर में शनिवार को होने वाले दही-हांडी उत्सव की तैयारियां भी जोरों पर हैं, जहां 'गोविंदाओं' की कई उत्साही टोलियां सड़कों के कोनों पर काफी ऊंचाई पर लटकाए गए दही. दूध से भरे मटकों को तोड़ने के लिए तैयार हैं।
कृष्ण जन्माष्टमी को कृष्णाष्टमी के नाम से भी जाना जाता है। यह भगवान विष्णु के आठवें अवतार भगवान कृष्ण के जन्म का उत्सव है। गिरगांव चौपाटी स्थित इस्कॉन मंदिर में सुबह-सुबह भव्य 'मंगला आरती' के साथ अनुष्ठानों की शुरुआत की गई, जिसमें दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आध्यात्मिक गुरु केशव चंद्र दास ने कहा, "भगवान श्रीकृष्ण का जन्म आधी रात को, अंधेरे में हुआ था और उन्होंने भगवद्गीता के माध्यम से पूरी दुनिया को आलोकित किया। उन्होंने अर्जुन के माध्यम से संपूर्ण मानवता को एक बहुत ही सुंदर और आवश्यक संदेश दिया।" उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान को 'समुद्र मंथन' की थीम पर सजाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की जबकि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ के एक मंदिर में दर्शन किए।
इसके अलावा, पंजाब और हरियाणा के राज्यपालों तथा मुख्यमंत्रियों ने शुक्रवार को जन्माष्टमी के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार सुबह से ही जयपुर के गोविंददेवजी सहित प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शरीक होने के लिए राजस्थान के जयपुर में स्थित ऐतिहासिक गोविंददेवजी मंदिर में वीरवार देर रात से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे और शुक्रवार सुबह चार बजे मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू हुए। मंदिर प्रशासन के अनुसार, जन्माष्टमी का मुख्य उत्सव शुक्रवार मध्यरात्रि को मनाया जाएगा।
वहीं, चेन्नई के इस्कॉन मंदिर में भी शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार पूरे धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस्कॉन ने बताया कि चेन्नई ईसीआर स्थित इस्कॉन मंदिर में दो दिवसीय उत्सव की शुरुआत तीन सितंबर को हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, परिवारों, युवाओं और स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। इस पवित्र अवसर पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं की भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी। अष्टमी रोहिणी के अवसर पर केरल के कृष्ण मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। गुरुवायूर श्रीकृष्ण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर प्रसिद्ध अरनमुला पार्थसारथी मंदिर परिसर में अष्टमी रोहिणी सद्या यानी विशेष प्रसाद भोज के आयोजन की व्यापक तैयारियां की गईं। मंदिर के सूत्रों ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए पवित्र माने जाने वाले इस भोज में कम से कम 25,000 लोगों को भोजन परोसा जाएगा।

