Kolkata Hotel Fire: होटल में आग से 9 लोगों की मौत, मंत्री का दावा- त्वरित कार्रवाई से 80 लोगों की जान बची
Kolkata Hotel Fire: पुलिस के मुताबिक आग मंगलवार रात करीब 1.45 बजे लगी, घने धुएं के कारण ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में दमकलकर्मियों को परेशानी
Kolkata Hotel Fire: मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट में स्थित एक जर्जर पांच मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से चार वर्षीय बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आग रात करीब एक बज कर 45 मिनट पर लगी। आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी भी बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस पांच मंजिला इमारत से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दमकल मंत्री कौशिक चौधरी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
घटनास्थल का दौरा करने के बाद उन्होंने कहा कि मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी, दोनों नागरिक दोनों शामिल हैं। चौधरी ने कहा, '' हम मृतकों की शिनाख्त की कोशिश कर रहे हैं। इमारत के अंदर की स्थिति बहुत खराब है। इस इमारत में कई होटल हैं। यहां जो कुछ चल रहा था, उसे देखकर मैं स्तब्ध हूं।''
आग लगने के कारण के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि यह शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकती है, लेकिन फॉरेंसिक जांच से ही पता चल पाएगा कि आग किस वजह से लगी।
मंत्री ने कहा, "इमारत प्रबंधन ने बुनियादी सुरक्षा और निर्माण मानदंडों का पालन नहीं किया। आरोप है कि होटल के संचालन में कई अनियमितताएं थीं।" उन्होंने बताया कि घायलों को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों के लिए सीढ़ियों से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था। नौ लोगों की मौत हो चुकी है और मृतक संख्या बढ़ने की आशंका है।''
उन्होंने कहा, ''फंसे हुए लोगों को बचाना हमारी प्राथमिकता है। इसके साथ ही आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आग पर काबू पा लिया गया है और अब घटनास्थल पर प्रशीतन अभियान जारी है।'' पश्चिम बंगाल अग्निशमन विभाग का मुख्यालय होटल की इमारत के पास ही स्थित है।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। उन्होंने कहा, '' इस संबंध में न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है और मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।''
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इमारत के मालिक का पता लगाने के लिए उसके आवास पर छापेमारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर जा सकते हैं।
मंत्री का दावा- दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से लगभग 80 लोगों की जान बची
पश्चिम बंगाल के मंत्री कौशिक चौधरी ने बुधवार को कहा कि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते मध्य कोलकाता की एक इमारत से करीब 80 लोगों को बचाया जा सका, जबकि भीषण आग में नौ लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि नौ लोगों की मौत दम घुटने से हुई, क्योंकि अधिकतर मृतकों के शरीर पर जलने के निशान नहीं मिले हैं। चौधरी ने मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा, ''हम इमारत से करीब 80 लोगों को बचाने में सफल रहे।'' पुलिस के अनुसार, पांच मंजिला इमारत में कई होटल संचालित होते हैं। आग में चार साल के एक बच्चे और दो महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हुई, जबकि छह अन्य घायल हुए।
चौधरी ने बताया कि एक दंपति को प्रभावित हिस्से की एकमात्र खिड़की से बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा, ''अगर खिड़कियां तथा उचित इंतजाम होते तो कुछ और लोगों को भी बचाया जा सकता था।''
मंत्री ने कहा कि दमकल विभाग का मुख्यालय घटनास्थल के पास ही है, इसलिए विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया। उन्होंने बताया, ''हमें रात करीब 2.07 बजे सूचना मिली और 2.08 बजे बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।'' इमारत में फायर अलार्म और अन्य सुरक्षा मानकों के पालन के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा कि इसकी जांच की जा रही है।
मंत्री ने कहा कि प्रभावित इमारत की फोरेंसिक जांच के दौरान इन सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, ''सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस इमारत की हर मंजिल पर चार से पांच होटल हैं और इनमें से ज्यादातर तंग कमरों में खिड़कियां तक नहीं हैं।''
चौधरी ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि ऐसे होटलों को व्यापार लाइसेंस कैसे जारी किए गए। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और जिम्मेदार पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने बताया कि घटना की जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आसपास की कई अन्य इमारतों में भी होटल चल रहे हैं और उनकी भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्यभर के सभी होटलों का फायर ऑडिट कराया जाएगा।

