Kisan Bachao Padyatra : दिल्ली कूच करेंगे 51 किसान, हरियाणा से जंतर-मंतर तक होगा 228 KM का मार्च
सुबह 11 बजे पदयात्रियों के पहुंचने के बाद दोपहर 12:30 बजे अरदास-प्रार्थना होगी
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की ओर से रविवार को हरियाणा के दातासिंहवाला गांव से दिल्ली के जंतर-मंतर तक ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ शुरू की जाएगी। करीब 228 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में 51 पदयात्री शामिल होंगे।
मोर्चा के संयोजक जगजीत सिंह डल्लेवाल और सह-संयोजक कुर्बुरु शांताकुमार ने बताया कि यात्रा की शुरुआत से पहले दातासिंहवाला गांव में गुरुद्वारे के समीप स्थित हाल (सरा पत्ती) में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे पदयात्रियों के पहुंचने के बाद दोपहर 12:30 बजे अरदास-प्रार्थना होगी। इसके बाद 12:45 से दोपहर 2 बजे तक सभा आयोजित की जाएगी।
दोपहर 2 से 3 बजे के बीच 51 पदयात्री शुभकरण सिंह के शहीदी स्थल से मिट्टी लेकर आएंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे पदयात्रा शुरू होगी। शाम 4:45 बजे उझाना गांव के मुख्य अड्डे पर पदयात्रियों का स्वागत किया जाएगा, जबकि रात में बेलरखा गांव में विश्राम होगा।
51 पदयात्रियों की सूची
जंतर-मंतर तक पैदल जाने वाले पदयात्रियों में जगजीत सिंह डल्लेवाल, राजबीर सिंह, गुलाब राजपूत, हर्षदीप सिंह, बलदेव संदोहा, दिनेश शर्मा, नितिन बालियान, अभिमन्यु कोहाड़, वीरेंद्र खोखर, शेरा बेनीवाल, शमशेर कुंडू, विनोद कुमार, जसविंदर सिंह, सुरेश पानू, मनोज भनवाला, हंसबीर खरब, जयप्रकाश हलालपुर, सुशील बूरे, सुंदर सिंह, मनोज जागलान, अमरीक सिंह, संदीप सिंह, गुरजिंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, बलजीत सिंह, गुलाब सिंह, परमवीर सिंह, राजिंदर सिंह, सेलु राम, शमशेर मलिक, रामकिशन सिसाय, बिजेंद्र गाहल्याण, दीपक मलिक, रामकुमार शर्मा, सुशांत राठी, मनोज राजपूत, जगबीर सिंह सिरोही, कैलाश चंद त्यागी, रंजीत सिंह, सोनवीर चौधरी, लखविंदर सिंह, जसविंदर सिंह, परमिंदर सिंह, गुरदीत सिंह, सुखवंत सिंह, बलबीर सिंह, गुरमेल सिंह, सुखरण सिंह, हरभजन शर्मा, हरकीरत सिंह और गुरबाज सिंह शामिल हैं।
मोर्चे ने बताया कि सूची में छह अतिरिक्त नाम भी रखे गए हैं, ताकि किसी पदयात्री के स्वास्थ्य संबंधी समस्या या अन्य आपात स्थिति के कारण यात्रा से हटने की स्थिति में उनकी जगह तुरंत दूसरे पदयात्री को शामिल किया जा सके। इन अतिरिक्त नामों में मनदीप सिंह, सरदूल सिंह, किताब सिंह, दानिश चौहान, सुपेन्द्र सिंह और जोधा सिंह शामिल हैं।
हरियाणा प्रशासन भी अलर्ट
किसान संगठनों की पदयात्रा के ऐलान के बाद हरियाणा प्रशासन भी सतर्क हो गया है। संभावित आवाजाही को देखते हुए बॉर्डर पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

