Kedarnath Landslide: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, 10,450 श्रद्धालुओं को बचाया गया
Kedarnath Landslide: सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग पर भूस्खलन से फंसे यात्रियों को SDRF और NDRF ने खराब मौसम व अंधेरे के बीच सुरक्षित बाहर निकाला
Kedarnath Landslide: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के बाद सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच मुनकटिया क्षेत्र में भूस्खलन होने से बीच रास्ते में फंस गए करीब 10 हजार श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है ।
राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने बताया कि मंगलवार देर रात मुनकटिया में भूस्खलन होने से मुख्य सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए ।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा रात्रि का समय, खराब मौसम, पहाड़ी से लगातार गिरता मलबा तथा यात्रियों की भारी भीड़ के कारण अत्यंत चुनौतीपूर्ण स्थिति में राहत और बचाव कार्य चलाया ।
चुनौतीपूर्ण मौसम, अंधेरी रात और भूस्खलन के बीच SDRF बनी हजारों श्रद्धालुओं की उम्मीद। ⛰️
मुनकटिया क्षेत्र में भारी वर्षा से मार्ग अवरुद्ध होने पर SDRF सोनप्रयाग टीम ने SI आशीष डिमरी के नेतृत्व में साहस और तत्परता दिखाते हुए हजारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग पार कराया। pic.twitter.com/oPb7vbXOJ1
— SDRF Uttarakhand Police (@uksdrf) May 20, 2026
एसडीआरएफ ने बताया कि टीमों ने सूझबूझ और धैर्य से सड़क के दूसरी ओर फंसे लगभग 10,450 श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से मार्ग पार कराया तथा बारिश और अंधेरे के बीच श्रद्धालुओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया ।
टीम ने बताया कि मार्ग पर आए मलबे को बचाव अभियान पूरा होने के बाद जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाया गया और सड़क को सुचारु कर यातायात बहाल किया गया ।
उधर, चमोली जिला पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर शाम भारी बारिश के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पागलनाला के समीप भूस्खलन से बाधित हो गया जिसके कारण यातायात रूक गया । हालांकि, पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात तक मलबा हटा कर सड़क खोल दी गयी और वहां रुके सभी वाहन निकल गए ।
