Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Karnataka Central Assistance: खड़गे ने पीएम मोदी से कर्नाटक को 3,705 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता देने की मांग की

Karnataka Central Assistance: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक में सूखे की गंभीर स्थिति का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया है कि राज्य के लिए 3,705.30 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता तत्काल जारी की जाए। खड़गे...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
मल्लिकार्जुन खरगे। फ़ाइल फ़ोटो
Advertisement

Karnataka Central Assistance: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक में सूखे की गंभीर स्थिति का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया है कि राज्य के लिए 3,705.30 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता तत्काल जारी की जाए।

खड़गे ने प्रधानमंत्री को एक अक्टूबर को लिखे गए पत्र की प्रति शनिवार को 'एक्स' पर साझा की और कहा कि वह गृह मंत्री अमित शाह को भी इस तरह का पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने पत्र में कहा कि कर्नाटक इस समय भीषण सूखे की चपेट में है और यह पिछले 150 वर्षों में राज्य में आया सबसे भयावह सूखा साबित हो सकता है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि महज तीन साल के भीतर राज्य को दूसरी बार ऐसे गंभीर सूखे का सामना करना पड़ रहा है। खड़गे ने कहा कि इस साल सितंबर तक कर्नाटक में सामान्य से 58 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है और सभी 31 जिले वर्षा की कमी से प्रभावित हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "राज्य के 240 तालुकों में से 217 में कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि 101 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया जा चुका है और 116 अन्य तालुकों का आकलन किया जा रहा है।" उनका कहना है कि राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान दूसरी सबसे कम बारिश दर्ज की गई है।

Advertisement

खड़गे के अनुसार, 19.52 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फसल नुकसान का आकलन किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 18,748.23 करोड़ रुपये है। राज्य सरकार ने सूखे से कुल आर्थिक नुकसान करीब 40,000 करोड़ रुपये आंका है। खड़गे ने कहा कि 31 लाख से अधिक किसान परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है। 709 गांवों और 114 शहरी वार्डों में टैंकरों के जरिए पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, जबकि 18 तालुकों में चारे का भंडार 20 सप्ताह से भी कम समय के लिए बचा है।

खड़गे ने प्रधानमंत्री से छह प्रमुख मांगों पर तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया है। इनमें कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में सूखे से हुए नुकसान का जमीनी आकलन करने के लिए केंद्रीय दल भेजना और राज्य द्वारा मांगी गई 3,705.30 करोड़ रुपये की पूरी सहायता जारी करना शामिल है। उन्होंने छोटे और सीमांत किसानों के लिए लागत पर रियायत की गणना कर्नाटक के अद्यतन 'भूमि' भू-अभिलेखों के आधार पर करने का अनुरोध किया है।

उन्होंने कहा कि 2015-16 की कृषि जनगणना के पुराने आंकड़ों के आधार पर सहायता दिए जाने से पात्र किसान लाभ से वंचित हो सकते हैं। खड़गे ने सूखे की स्थिति का आकलन किए जा रहे 11 अतिरिक्त तालुकों और भविष्य में पात्र पाए जाने वाले अन्य तालुकों को भी इसी केंद्रीय सहायता के दायरे में शामिल करने का आग्रह किया।

उन्होंने कावेरी और जलविद्युत क्षेत्रों में जलाशयों के कम जलस्तर का हवाला देते हुए पेयजल सुरक्षा तथा वैकल्पिक बिजली की लागत के लिए अतिरिक्त सहायता देने की मांग की।

खड़गे ने कहा कि कर्नाटक को सहायता राजनीतिक विचारों से प्रभावित हुए बिना, नुकसान और जरूरत के आधार पर तत्काल दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सूखा राहत एक मानवीय आवश्यकता है और केंद्र तथा राज्य के बीच राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

Advertisement
×