Karan Aujla Concert : करण औजला के कॉन्सर्ट का क्रेज, दक्षिण दिल्ली में यातायात प्रतिबंध रहेंगे लागू
लोगों की भीड़ की आशंका को देखते हुए अधिकारियों ने विशेष प्रवेश द्वार किए निर्धारित
Karan Aujla Concert : पंजाबी गायक करण औजला के संगीत कार्यक्रम के कारण शनिवार को दक्षिण दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के आसपास यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू रहेंगे। दिल्ली यातायात पुलिस ने एक परामर्श में यह जानकारी दी।
लोधी कॉलोनी के स्टेडियम में 28 फरवरी को शाम चार बजे से रात 10 बजे तक होने वाले "पी-पॉप कल्चर इंडिया टूर 2026" के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। जेएलएन स्टेडियम के पास बीपी मार्ग पर स्थित लाल बत्ती से भारी वाहनों के लिए प्रतिबंध शाम 4 से रात 11 बजे के बीच लागू रहेगा। यात्रियों को व्यस्त समय के दौरान बीपी मार्ग, लोधी रोड और स्टेडियम के आसपास की सड़कों से बचने की सलाह दी गई है।
जेएलएन रेड लाइट, सेवा नगर बस डिपो रेड लाइट, डबल स्टोरी मार्केट और धोबी घाट के पास फिफ्थ एवेन्यू रोड, प्रगति विहार रेड लाइट, लाला लाजपत राय मार्ग टी-पॉइंट, गेट नंबर 5 के पास बारापुल्ला कट और जंगपुरा मेट्रो स्टेशन/सूचना भवन टी-पॉइंट सहित प्रमुख चौराहों पर मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा और बैरिकेडिंग की जाएगी। लगभग 45,000 से 50,000 लोगों की भीड़ की आशंका को देखते हुए, अधिकारियों ने विशेष प्रवेश द्वार निर्धारित किए हैं। दर्शक गेट नंबर 2, 6, 8, 13, 14 और 21 से प्रवेश कर सकते हैं।
वीआईपी प्रवेश गेट नंबर13 से होगा, जबकि कलाकार और आयोजक गेट नंबर 6 का उपयोग करेंगे। गेट नंबर 1 और 10 आपातकालीन सेवाओं के लिए आरक्षित हैं। सेवा नगर और सुनहरी पुल्ला बस डिपो, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, स्कोप कॉम्प्लेक्स और गेट 7 से 9 के पास सार्वजनिक पार्किंग उपलब्ध है। वीआईपी पार्किंग स्टेडियम के अंदर गेट एक पर है।

