Kalka Shimla Track Blocked: ट्रैक पर मलबा गिरने से ट्रेन को कोटी में रोका, सेना ने 172 यात्रियों को पहुंचाया कालका
Kalka Shimla Track Blocked: यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए रेलवे के विशेष प्रबंध
Kalka Shimla Track Blocked: कालका-शिमला ट्रैक पर गुम्मन-कोटी स्टेशनों के बीच मंगलवार को पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष प्रबंध किए। करीब 172 यात्रियों को लेकर जा रही ट्रेन संख्या 52458 कालका-शिमला एक्सप्रेस को मलबा गिरने की सूचना के बाद कोटी स्टेशन पर रोक दिया गया था।
रेलवे को करीब 15:15 बजे ट्रैक पर मलबा आने की सूचना मिली। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को 15:28 बजे कोटी स्टेशन पर विनियमित किया गया। इसके बाद रेलवे ने ट्रैक से मलबा हटाने और रेल यातायात बहाल करने का काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया।
सेना के तीन वाहनों से यात्रियों को कालका पहुंचाया
लगातार बारिश के कारण कालका और आसपास के क्षेत्रों में सड़क यातायात अधिक था। ऐसे में यात्रियों को उनके आगे के गंतव्य और कनेक्टिंग ट्रेनों तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने स्थानीय सेना अधिकारियों से समन्वय किया। सेना की ओर से तीन वाहन उपलब्ध कराए गए, जो करीब 18:10 बजे कोटी स्टेशन पहुंचे। सेना के वाहनों से यात्रियों को सुरक्षित रूप से कोटी से कालका रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया। यात्री करीब 19:20 बजे कालका स्टेशन पहुंचे।
जिला सोलन के कई क्षेत्रों में आज जमकर बारिश हुईI विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे मार्ग पर जाबली के समीप कोटी में रेलवे ट्रैक पर मलबा आने से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित- परवाणु में मूसलाधार बारिश से ओल्ड कसौली रोड पर टकसाल फाटक के पास सडको में जलभराव हो गया है। @airnewsalerts pic.twitter.com/thNmDWqtLa
— AIR News Shimla (@airnews_shimla) August 18, 2026
कालका स्टेशन पर पानी और जलपान की व्यवस्था
कालका स्टेशन पर यात्रियों के लिए पीने के पानी और जलपान की व्यवस्था की गई। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। रेलवे ने समय पर सहयोग और समन्वय के लिए स्थानीय सेना अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। रेलवे के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में भी रेल सेवाओं के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

