Kalka Shimla Toy Train : धरमपुर से शिमला तक फिर चली टॉय ट्रेन, पर्यटकों के चेहरे खिले
परवाणू के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के बाद एक सप्ताह से अधिक समय से बंद थी सेवा; कालका-धरमपुर के बीच अभी सड़क मार्ग से सफर
Kalka Shimla Toy Train : यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कालका-शिमला रेलवे लाइन पर टॉय ट्रेन सेवा आंशिक रूप से बहाल हो गई है। फिलहाल धरमपुर से शिमला के बीच ट्रेनें चल रही हैं। सोलन जिले में परवाणू के पास ट्रैक के एक हिस्से के नीचे से मिट्टी बह जाने के कारण कालका से शिमला के बीच सीधी रेल सेवा अभी बंद है।
भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन से ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के चलते छह यात्री ट्रेन सेवाएं रद्द करनी पड़ी थीं। रेलवे अधिकारियों ने धरमपुर से शिमला के बीच ट्रैक की सुरक्षा जांच के बाद इस हिस्से पर रेल सेवा शुरू करने की अनुमति दी। कालका से आने वाले यात्रियों को फिलहाल धरमपुर तक सड़क मार्ग से पहुंचना पड़ रहा है।
पर्यटकों ने बताया रोमांचक अनुभव
दिल्ली से आए पर्यटक सर्वेश यादव ने बताया कि वह लंबे समय से टॉय ट्रेन की यात्रा करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि कालका से बस के जरिये धरमपुर पहुंचे और वहां से ट्रेन में शिमला तक सफर किया। उन्होंने पहाड़ी रास्ते के खूबसूरत नजारों को शानदार बताया और इस यात्रा को रोमांचक अनुभव करार दिया।
एक अन्य यात्री दीपक ने बताया कि उन्होंने करीब एक महीने पहले टिकट बुक किया था। ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण कालका से सीधे ट्रेन नहीं मिल सकी, लेकिन धरमपुर तक बस आसानी से मिल गई। उन्होंने कहा कि धरमपुर से शिमला तक ट्रेन का सफर सुगम रहा और लंबे समय से देखे जा रहे इस सफर का सपना पूरा हुआ।
स्थानीय कारोबारियों को भी राहत की उम्मीद
ट्रेन सेवा बंद रहने से स्थानीय टैक्सी संचालकों और अन्य कारोबारियों की कमाई प्रभावित हुई। स्थानीय टैक्सी संचालक भानु गौतम ने बताया कि करीब सात-आठ दिन तक ट्रैक बंद रहने से उनका काम लगभग ठप रहा। उन्होंने कहा कि ट्रेन सेवा शुरू होने से अब कारोबार में फिर तेजी आने की उम्मीद है।
गौतम ने बताया कि पर्यटन सीजन शुरू होने में करीब 15 दिन बाकी हैं और इसके साथ विदेशी पर्यटकों के आने की भी उम्मीद है। उन्होंने क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत जल्द पूरी होने और रेल सेवा निर्बाध रूप से जारी रहने की उम्मीद जताई। रेलवे अधिकारी परवाणू के पास क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में जुटे हैं। कालका से शिमला तक पूरी रेल सेवा बहाल करने के प्रयास जारी हैं, ताकि आगामी पर्यटन सीजन में यात्रियों को सीधी सेवा मिल सके।

