Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Kal Dosanjh Vancouver Police Fraud Case : भारत से जुड़े कनाडाई पुलिस अधिकारी पर 30 लाख डॉलर की धोखाधड़ी का आरोप, पत्नी ने छोड़ी चुनावी जंग

ढाई साल की जांच में 19 लोगों से जुड़ा मामला सामने आया; वैनकूवर पुलिस बोर्ड ने अधिकारी को किया निलंबित

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Kal Dosanjh Vancouver Police Fraud Case :  भारत मूल के वैनकूवर पुलिस अधिकारी कलविंदर सिंह उर्फ कैल दोसांझ की गिरफ्तारी के बाद कनाडा में मामला चर्चा में है। 30 लाख डॉलर की कथित धोखाधड़ी, चोरी और विश्वासघात के आरोपों में गिरफ्तार कैल को वैनकूवर पुलिस ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनकी गिरफ्तारी का असर राजनीतिक मैदान पर भी पड़ा है। उनकी पत्नी सैंडी दोसांझ ने सरी सिटी काउंसिल चुनाव से नाम वापस ले लिया है और कंजर्वेटिव पार्टी ने उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी है। पुलिस के अनुसार जांच में अब तक 19 पीड़ितों की पहचान हुई है।

वैनकूवर पुलिस प्रमुख सतविंदर सिंह राए उर्फ स्टीव राए ने बताया कि पुलिस को दिसंबर 2023 में कैल दोसांझ से जुड़ी कथित आपराधिक गतिविधियों के बारे में कई लोगों से जानकारी मिली थी। इसके बाद विशेष जांच दल बनाया गया। करीब ढाई साल चली जांच के बाद 3 सितंबर को कैल को गिरफ्तार किया गया। उनके साथ सरबजीत सिंह गिल को भी गिरफ्तार किया गया है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार कैल के खिलाफ चार मामले 5,000 डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी, चार मामले 5,000 डॉलर से अधिक की चोरी और एक मामला सरकारी अधिकारी के रूप में विश्वासघात का है। कथित अपराध 8 दिसंबर 2017 से 25 जुलाई 2025 के बीच वैनकूवर, सरी और ब्रिटिश कोलंबिया के अन्य स्थानों पर होने की बात कही गई है।

Advertisement

2017 से शुरू हुई कथित कहानी, 2023 में पहुंची पुलिस तक

जांच के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कैल पर अपनी रकम हड़पने की शिकायतें कीं। पुलिस के मुताबिक कई शिकायतकर्ता रकम के स्रोत से जुड़े दस्तावेज नहीं दे सके। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 19 पीड़ितों से करीब 30 लाख डॉलर की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया।

मीडिया रिपोर्टों में आरोपों के तहत रियल एस्टेट निवेश के नाम पर लोगों से रकम जुटाने का भी उल्लेख है। हालांकि, पुलिस ने अदालत में चल रही प्रक्रिया के कारण मामले के सभी वित्तीय विवरण सार्वजनिक नहीं किए हैं।

कैल लंबे समय से वैनकूवर पुलिस में कार्यरत थे। वह युवाओं को नशे, गैंग और अपराध से दूर रखने के लिए काम करने वाली सरी स्थित किड्सप्ले यूथ फाउंडेशन के संस्थापक भी हैं। पुलिस के अनुसार वह विभाग में 26 साल से कार्यरत थे।

पुलिस ने कैल के घर और किड्सप्ले फाउंडेशन के कार्यालय की भी तलाशी ली। जांचकर्ताओं को वहां से दस्तावेजों के कई बॉक्स ले जाते देखा गया।

पुलिस प्रमुख बोले-एक व्यक्ति की हरकत से पूरे विभाग पर पड़ा असर

स्टीव राए ने कहा कि एक पुलिस अधिकारी की गिरफ्तारी सार्वजनिक विश्वास के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि वैनकूवर पुलिस के करीब 2,500 अधिकारी लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए ईमानदारी, पेशेवर रवैये और निष्ठा से काम करते हैं, लेकिन इस घटना ने विभाग की साख को प्रभावित किया है।

पुलिस प्रमुख ने कैल के बारे में निराशा जताते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि युवाओं को गलत रास्ते से निकालकर सही राह दिखाने और इसके लिए नाम कमाने वाले व्यक्ति पर ऐसे आरोप कैसे लगे।

राए ने पुलिस बोर्ड को कैल को बिना वेतन निलंबित करने की सिफारिश भी की है। उन्होंने कहा कि यह निलंबन आपराधिक कार्यवाही और पुलिस कानून के तहत होने वाली अनुशासनात्मक प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रह सकता है।

पति की गिरफ्तारी के बाद सैंडी ने छोड़ी चुनावी दौड़

कैल दोसांझ की पत्नी सैंडी सरी सिटी काउंसिल चुनाव के लिए कंजर्वेटिव पार्टी की उम्मीदवार थीं। उन्हें अगस्त में पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाया गया था और वह करीब एक महीने से चुनाव प्रचार में सक्रिय थीं। कैल की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी। सैंडी ने भी चुनाव से हटने का फैसला किया। पार्टी ने उनके परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की है।

सैंडी ने अपने पति को निर्दोष बताया है। उन्होंने वैनकूवर पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी बिना पूर्व सूचना उनके घर में दाखिल हुए और तलाशी के दौरान उनकी इच्छा के खिलाफ कई दस्तावेज अपने साथ ले गए।

कैल के वकीलों ने भी आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि उनका मुवक्किल निर्दोष है। उनका कहना है कि गिरफ्तारी या आरोप लगाए जाना अपराध साबित होने के बराबर नहीं है। मामले में अंतिम फैसला अदालत को करना है।

Advertisement
×