Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

J&K Road Accident: रामबन में दो सड़क हादसे, एक की मौत; नौ सुरक्षाकर्मियों समेत 56 लोग घायल

J&K Road Accident: रामबन जिले में शनिवार को जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब आधे घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों में पश्चिम बंगाल की एक पर्यटक की मौत हो गई और नौ सुरक्षाकर्मियों समेत 56 लोग घायल हो...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
सांकेतिक फोटो
Advertisement

J&K Road Accident: रामबन जिले में शनिवार को जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब आधे घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों में पश्चिम बंगाल की एक पर्यटक की मौत हो गई और नौ सुरक्षाकर्मियों समेत 56 लोग घायल हो गए।

अधिकारियों के मुताबिक, इन हादसों में पर्यटकों को ले जा रही एक यात्री बस और बचाव अभियान में मदद के लिए घटनास्थल की ओर जा रहा सुरक्षा बलों का एक वाहन शामिल था। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे में हुई मौत पर गहरा दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Advertisement

उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल के पंजीकरण नंबर वाली एक यात्री बस श्रीनगर से जम्मू जा रही थी। सुबह करीब 8.50 बजे मरूग के पास राजमार्ग पर चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के बाद बस पहाड़ी से जा टकराई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई और 47 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल की जमुना के रूप में हुई है।

Advertisement

बस में सवार लोग कश्मीर में छुट्टियां बिताने के बाद वापस लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि चार घायलों सुचित्रा, लक्षवंती, केदार पात्रा और फौजी राम को इलाज के लिए जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। बाकी घायल यात्रियों की हालत स्थिर है और उन्हें अगले कुछ घंटों में अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने पर बचाव अभियान में मदद के लिए रामबन की जिला पुलिस लाइंस से पुलिस और सीआरपीएफ का त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) रवाना हुआ था। हालांकि, केला मोड़ के पास उनका वाहन पलट गया, जिससे छह पुलिसकर्मी और सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए। उन्होंने कहा कि सभी घायलों की हालत स्थिर है। उपराज्यपाल ने गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''रामबन में बस हादसे से गहरा दुख हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। जीएमसी जम्मू भेजे गए गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए रामबन के उपायुक्त से बात की। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।''

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि श्रीनगर से जम्मू जा रही यात्री बस से जुड़े हादसे की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने रामबन के उपायुक्त मोहम्मद अलियास खान से भी बात की। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''हरसंभव सहायता और चिकित्सा मदद उपलब्ध कराई जा रही है। मेरा कार्यालय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।''

Advertisement
×