Woman Bank Employee Murder: पांच माह पहले हुई थी शादी, अब संदिग्ध हालात में गर्भवती महिला बैंककर्मी की मौत, पति पर शक
Woman Bank Employee Murder: सीए पति के साथ हिसार से गुरुग्राम जा रही थी महक
Woman Bank Employee Murder: झज्जर जिले के बादली क्षेत्र में पाहसोर गांव के पास एक गर्भवती महिला बैंक कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में गला रेतकर हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतका के पति पर ही शक है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान महक (निवासी हांसी) के रूप में हुई है। महक गुरुग्राम स्थित एक निजी बैंक में कार्यरत थी। करीब चार-पांच महीने पहले ही उसकी शादी हिसार निवासी अंशुल से हुई थी। अंशुल गुरुग्राम में सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंट) के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बीती रात महक अपने पति अंशुल के साथ हिसार से गुरुग्राम जा रही थी। जब वे पाहसोर गांव के पास पहुंचे, तो अंशुल ने पुलिस को फोन कर पत्नी की हत्या की सूचना दी। जांच के दौरान सामने आया कि महक के गले में कैंची घोंपकर हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही बादली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति पर शक क्यों?
बताया जा रहा है कि घटना के समय कार में पति-पत्नी ही मौजूद थे। ऐसे में प्रथम दृष्टया शक पति अंशुल पर ही जताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। बादली थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
परिजनों ने की इंसाफ की मांंग
मृतका महक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। रोते हुए परिजनों ने पुलिस से इंसाफ की मांग की है। मृतका की बहन श्रुति ने बताया कि उनकी बहन दो महीने की गर्भवती थी। उन्होंने अंशुल पर ही महक की हत्या करने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि दोनों के बीच सब कुछ सही था तो फिर उसने हत्या क्यों की? श्रुति ने हत्यारे को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है। वंही पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर जांच अभियान भी चलाया। बताया जा रहा है कि हत्या के आरोपी पति को पुलिस ने पकड़ लिया है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि पुलिस ने नही की है। इस पूरे घटनाक्रम और कार्रवाई के बारे में फिलहाल पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है।

