पंजाब में ISI-BKI के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 1.3 किलो विस्फोटक से लैस IED बरामद
Terror Module Busted: जालंधर में संयुक्त अभियान के दौरान एक आरोपी गिरफ्तार; पुलिस बोली- बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, विदेशी हैंडलरों के नेटवर्क की जांच जारी
Terror Module Busted: पंजाब पुलिस ने सीमा पार से संचालित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए आईएसआई (ISI) और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर ग्रामीण पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जालंधर से एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब पुलिस के अनुसार आरोपी विदेशी हैंडलरों के इशारे पर काम कर रहा था। उसके कब्जे से 1.3 किलोग्राम उच्च क्षमता वाले विस्फोटक से तैयार एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया गया है। आईईडी में बड़ी मात्रा में छर्रे (शरापनेल) और बॉल बेयरिंग भी लगाए गए थे, जिससे स्पष्ट है कि इसका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने वाले आतंकी हमले के लिए किया जाना था।
पंजाब के डीजीपी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़े आतंकी हमले की साजिश विफल कर दी गई और कई निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकी।
इस मामले में जालंधर ग्रामीण के पटारा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पंजाब पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है। जांच एजेंसियां विदेशी हैंडलरों, स्थानीय सहयोगियों तथा इस साजिश से जुड़े सभी आगे और पीछे के नेटवर्क (Forward & Backward Linkages) का पता लगाने में जुटी हैं।
पंजाब पुलिस ने दोहराया कि राज्य में आतंकवादी नेटवर्क और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कार्रवाई की जाएगी।

