Iran-US Tensions : लेबनान से गैर जरूरी राजनयिकों को वापस आने का आदेश, भारत ने भी जारी की एडवाइजरी
ईरान के कई विश्वविद्यालयों में छात्रों ने सरकार विरोधी प्रदर्शन किए
अमेरिका ने ईरान के साथ बढ़ते तनाव व सैन्य कार्रवाई की आशंका के बीच लेबनान में तैनात अपने गैर जरूरी राजनयिकों और उनके परिवार के सदस्यों को वापस आने का आदेश दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने नाम न जाहिर किए जाने की शर्त पर कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति के लगातार आकलन के बाद यह उचित समझा गया कि अमेरिकी दूतावास में कर्मियों की संख्या कम कर दी जाए, ताकि केवल आवश्यक कर्मचारी ही अपने पदों पर बने रहें। यह एक अस्थायी उपाय है और दूतावास सोमवार को भी खुला रहा। विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस सप्ताहांत इजराइल की पूर्व निर्धारित यात्रा स्थगित कर सकते हैं।
वहीं दूसरी तरफ, भारत ने भी सोमवार को ईरान में रहने वाले अपने सभी नागरिकों को सलाह दी कि वे सुरक्षा की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए वाणिज्यिक उड़ानों सहित परिवहन के सभी उपलब्ध साधनों का उपयोग करके देश छोड़ दें। तेहरान में नए सिरे से हो रहे विरोध प्रदर्शनों और खाड़ी देश पर अमेरिकी सैन्य हमलों की बढ़ती आशंकाओं के बीच ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एक नया परामर्श जारी किया है। ईरान के कई विश्वविद्यालयों में छात्रों ने सरकार विरोधी प्रदर्शन किए था। जनवरी में आधिकारिक अनुमानों के अनुसार, छात्रों सहित 10,000 से अधिक भारतीय ईरान में रह रहे थे।
दूतावास ने कहा कि भारत सरकार द्वारा पांच जनवरी को जारी की गई सलाह के क्रम में और ईरान में उत्पन्न हो रही स्थिति को देखते हुए, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों) को सलाह दी जाती है कि वे उपलब्ध परिवहन साधनों, जिनमें वाणिज्यिक उड़ानें भी शामिल हैं, के माध्यम से ईरान छोड़ दें। दूतावास ने यह भी दोहराया कि सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों (पीआईओ) को उचित सावधानी बरतनी चाहिए, विरोध प्रदर्शनों या रैलियों वाले क्षेत्रों से बचना चाहिए।
भारतीय दूतावास के संपर्क में रहना चाहिए। परामर्श में कहा गया कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने पासपोर्ट और पहचान पत्र सहित अपने यात्रा और आव्रजन संबंधी दस्तावेज हमेशा अपने पास रखें। उनसे अनुरोध है कि वे इस संबंध में किसी भी सहायता के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करें।

