Iran-US Tension : हमारे पुल छुए तो तुम्हारे क्षेत्र की पूरी इंफ्रास्ट्रक्चर उड़ा देंगे... ट्रंप की चेतावनी के बाद ईरान का पलटवार
ईरान ने क्षेत्र में सभी आधारभूत ढांचों को नेस्तनाबूद करने की धमकी दी
Iran-US Tension : ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने वीरवार को अमेरिका को धमकी दी कि वह इलाके में मौजूद 'सभी बुनियादी ढांचे' को नेस्तनाबूद कर देगी। ईरान की ओर से यह धमकी ऐसे समय आई है जब अमेरिका ने उसपर हमले तेज कर दिये हैं और उसके पुलों और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाने की चेतावनी दी है।
खातम-उल-अंबिया मध्य कमान मुख्यालय द्वारा दी गई ताजा धमकी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों को निशाना बनाने की चेतावनी का भी जिक्र है। ईरानी सेना के खातम अल-अंबिया मध्य कमान मुख्यालय के प्रवक्ता कर्नल इब्राहिम जोलफगारी ने यह चेतावनी जारी की।
उन्होंने कहा कि अगर ट्रंप ने धमकी पर अमल किया, तो ''इस्लामिक ईरानी गणराज्य की शक्तिशाली सेना जबरदस्त हमलों से इस इलाके की पूरी आधारभूत अवसंरचना तबाह कर देगी।'' जोलफगारी ने कहा, ''हम किसी भी हाल में क्षेत्र के बाहर के देश अमेरिका को होर्मुज जलडमरूमध्य में दखल नहीं देने देंगे। यह ईरान की ऐसी लक्ष्मण रेखा है जिसे कोई पार नहीं कर सकता।''

