IndiGo Flight Diverted : विमान में मेडिकल इमरजेंसी, 3 वर्षीय बच्चे के बेहोश होने पर सूरत में उतारी गई इंडिगो की उड़ान
अहमदाबाद से नवी मुंबई जा रही फ्लाइट हुई डायवर्ट, बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया
IndiGo Flight Diverted : अहमदाबाद से नवी मुंबई जा रही इंडिगो की एक उड़ान को सोमवार शाम तीन वर्षीय बच्चा बेहोश होने के बाद सूरत हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। विमान के उतरते ही मेडिकल टीम ने बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया और उसे आगे के इलाज के लिए निजी अस्पताल भेज दिया।
अधिकारियों के अनुसार, अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ देर बाद यात्रा के दौरान बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया, जिसके बाद विमान का मार्ग बदलकर सूरत हवाई अड्डे पर उतारने का फैसला लिया गया।
सूचना मिलते ही सूरत हवाई अड्डे पर आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय कर दी गई। एयरपोर्ट की मेडिकल टीम, सीआईएसएफ के जवान और इंडिगो का ग्राउंड स्टाफ पहले से तैयार रहा। विमान के उतरने के तुरंत बाद मेडिकल टीम विमान में पहुंची, बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया और उसे निजी अस्पताल पहुंचाया। बच्चे को अस्पताल भेजने के बाद आवश्यक तकनीकी और परिचालन औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद उड़ान को नवी मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया।

