वैश्विक परिसंपत्ति प्रबंधन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ब्लैकरॉक के चेयरमैन और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लैरी फिंक ने बुधवार को कहा कि अगले कुछ साल भारत के नाम रहेंगे और देश अगले एक दशक या उससे अधिक समय में आठ से 10 प्रतिशत की दर से वृद्धि करेगा। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के साथ मिलकर देश में निवेश और संपत्ति प्रबंधन का कारोबार कर रही ब्लैकरॉक के प्रमुख फिंक ने भारतीयों से पूंजी बाजार में निवेश करने की अपील की और कहा कि पैसा केवल बैंक जमा में रखने से बचना चाहिए। उन्होंने अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पूंजी बाजार में निवेश करने वालों को समय के साथ ज्यादा लाभ मिला, जबकि बैंक में पैसा रखने वालों को कम फायदा हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के साथ बातचीत में फिंक ने दोहराया कि अगले 10 वर्षों में भारत की वृद्धी दर आठ से 10 प्रतिशत रह सकती है। फिंक की बात से सहमत होते हुए अंबानी ने इसे नयी पीढ़ी का दौर बताया और कहा कि देश में निरंतर दोहरे अंक की वृद्धि संभव है। उल्लेखनीय है कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में मौजूदा कीमतों पर सकल घरेलू उत्पाद में 10 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। अंबानी ने कहा कि भारत परंपरागत रूप से बचत करने वाला देश रहा है, लेकिन उन्होंने अफसोस जताया कि पिछले साल भारतीयों ने 60 अरब डॉलर से ज्यादा सोने और 15 अरब डॉलर चांदी में निवेश किया। अंबानी ने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव आर्थिक वृद्धि के लिए जरूरी हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे स्थिर आर्थिक नेतृत्व से ही किसी देश की पहचान होती है।
+
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

