Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Indian Stock Market: कच्चे तेल में गिरावट से शेयर बाजार में तेजी, रुपया 31 पैसे मजबूत होकर 94.29 प्रति डॉलर पर पहुंचा

Indian Stock Market: सेंसेक्स 271 अंक और निफ्टी 55 अंक चढ़ा; ब्रेंट क्रूड तीन महीने के निचले स्तर के करीब, रुपये को मिला समर्थन

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Indian Stock Market: कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में बढ़त दर्ज की गई। घरेलू बाजारों में लगातार चौथे सत्र में तेजी जारी रही। 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 271.61 अंक चढ़कर 77,080.09 अंक पर जबकि 50 शेयर वाला एनएसई निफ्टी 55.35 अंक की बढ़त के साथ 24,044.50 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से ट्रेंट, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक और इटर्नल के शेयर सबसे अधिक बढ़त में रहे। वहीं एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी और अदाणी पोर्ट्स के शेयर में गिरावट रही।

Advertisement

एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225 बढ़त में रहा, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

Advertisement

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.44 डॉलर प्रति बैरल के आसापास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 749.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स मंगलवार को 544.15 अंक और निफ्टी 135.25 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।

रुपया शुरुआती कारोबार 31 पैसे मजबूत होकर 94.29 प्रति डॉलर पर

रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 31 पैसे की मजबूती के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.29 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी डॉलर सूचकांक में गिरावट से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट कच्चा तेल घटकर करीब 79 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है, जो पिछले तीन महीनों का सबसे निचला स्तर है। इससे निवेशकों की धारणा को बल मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.46 प्रति डॉलर पर खुला। फिर 94.29 प्रति डॉलर तक पहुंच गया, जो पिछले बंद के मुकाबले 31 पैसे की बढ़त है। रुपया मंगलवार को दो पैसे कमजोर होकर 94.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

पिछले तीन कारोबारी सत्रों में रुपया कुल 130 पैसे मजबूत हुआ है। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.52 पर रहा।

Advertisement
×