Indian Stock Market: भू राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव, रुपया लुढ़का
Indian Stock Market: सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 160.24 अंक टूटकर 77,798.28 अंक आया
Indian Stock Market: सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 160.24 अंक टूटकर 77,798.28 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 30.25 अंक फिसलकर 24,300.70 अंक पर पहुंच गया। बाद में दोनों सूचकांक उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार करते रहे।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा और सन फार्मा के शेयर नुकसान में रहे।
दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटर्नल, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक और मारुति के शेयर में तेजी रही। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे।
अमेरिकी बाजार बुधवार को तेजी के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.77 प्रतिशत की बढ़त के साथ 102 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 5,834.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
रुपया शुरुआती कारोबार में 28 पैसे टूटा
रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 28 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.77 पर पहुंच गया। अमेरिका तथा ईरान के तनाव कम करने और बातचीत फिर से शुरू करने के उद्देश्य से 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर चर्चा करने की खबरों के बाद बाजार की भावना में अचानक बदलाव आया है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.77 पर खुला जो पिछले बंद भाव से 28 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया बुधवार को 69 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.49 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.01 पर रहा।

