Indian Stock Market: शुरुआती कारोबार में लुढ़का शेयर मार्केट, सेंसेक्स 225 अंक टूटा
Indian Stock Market: निफ्टी 89.25 अंक फिसलकर 25,553.55 अंक पर आया
Indian Stock Market: घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय बैंक की नीतिगत घोषणा से पहले और विदेशी पूंजी की निकासी के कारण निवेशकों ने सतर्कता बरती।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 225.15 अंक टूटकर 83,088.78 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 89.25 अंक फिसलकर 25,553.55 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी और एचसीएल टेक के शेयर नुकसान में रहे।
बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल और बजाज फिनसर्व के शेयर लाभ में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंग सेंग नुकसान में रहे जबकि जापान का निक्की 225 तथा चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को नकारात्मक दायरे में बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67.77 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,150.51 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
रुपया शुरुआती कारोबार में 11 पैसे चढ़कर 90.23 प्रति डॉलर पर
रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 11 पैसे चढ़कर 90.23 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी निवेशकों की निकासी, कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और डॉलर के मामूली रूप से मजबूत होने से स्थानीय मुद्रा की तेजी हालांकि सीमित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.28 पर खुला। फिर चढ़कर 90.23 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 11 पैसे अधिक है। रुपया बृहस्पतिवार को 13 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.34 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.85 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 225.15 अंक टूटकर 83,088.78 अंक पर जबकि निफ्टी 89.25 अंक फिसलकर 25,553.55 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67.77 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,150.51 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

