Indian Stock Market: शुरुआती कारोबार में लड़खड़ाया शेयर बाजार, सेंसेक्स व निफ्टी लुढ़के
Indian Stock Market: सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 247.92 अंक लुढ़का
Indian Stock Market: सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 247.92 अंक या 0.30 प्रतिशत टूटकर 83,203.04 अंक पर आ गया जबकि एनएसई निफ्टी 70.25 अंक या 0.27 प्रतिशत फिसलकर 25,655.15 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इटर्नल, मारुति सुजुकी इंडिया, एशियन पेंट्स, ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नुकसान में रहे।
वहीं आईटीसी, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मास्युटिकल और बजाज फाइनेंस के शेयर में तेजी रही। एशियाई बाजारों में जापान के निक्की 225 में एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त रही।
चीन, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजार चंद्र नव वर्ष की छुट्टियों के कारण बंद रहे। अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67.59 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 995.21 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 187.04 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया शुरुआती कारोबार में पांच पैसे चढ़कर 90.67 प्रति डॉलर पर
रुपया बुधवार को शुरआती कारोबार में पांच पैसे की बढ़त के साथ 90.67 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी पूंजी के निवेश में तेजी से घरेलू मुद्रा को बल मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और घरेलू बाजारों में गिरावट ने रुपये की बढ़त को सीमित कर दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनियम बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.60 पर खुला और फिर लुढ़कर 90.67 पर आ गया जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया मंगलवार को दो पैसे की बढ़त के साथ 90.72 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.24 पर रहा।

